खेरवाड़ा: विकास पब्लिक सेकेंडरी स्कूल में दो दिवसीय कृष्ण जन्माष्टमी उत्सव
विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति और भगवान श्रीकृष्ण के जीवन प्रसंगों से परिचित कराने के उद्देश्य से विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।
तस्वीर में खेरवाड़ा स्थित स्कूल के मंच पर बच्चे राधा-कृष्ण की पोशाक में दिख रहे हैं।
खेरवाड़ा स्थित विकास पब्लिक सेकेंडरी स्कूल में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर 3 एवं 4 सितंबर को दो दिवसीय कृष्ण जन्माष्टमी एवं लड्डू गोपाल उत्सव का आयोजन किया जा रहा है। आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति, धार्मिक परंपराओं तथा भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप एवं जीवन प्रसंगों से परिचित कराना है।
कार्यक्रम के प्रथम दिवस 3 सितंबर, गुरुवार को नर्सरी से कक्षा प्रथम तक के नन्हे-मुन्ने विद्यार्थी श्रीकृष्ण एवं राधा के स्वरूप में नजर आएंगे। विद्यालय परिसर में आकर्षक झांकियां सजाई जाएंगी। बाल गोपालों द्वारा दही-हांडी एवं मटकी फोड़ कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा।
द्वितीय दिवस 4 सितंबर, शुक्रवार को रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। विद्यार्थी नृत्य, भजन एवं कृष्ण-सुदामा की मित्रता पर आधारित नाटक प्रस्तुत करेंगे। गोवर्धन पर्वत की परिक्रमा, श्रीकृष्ण द्वारा कंस वध तथा भगवान श्रीकृष्ण की विभिन्न बाल लीलाओं पर आधारित झांकियां भी कार्यक्रम का आकर्षण रहेंगी।
पूरे कार्यक्रम का संचालन गोपाल भट्ट गोस्वामी हाउस के मार्गदर्शन में होगा। आयोजन में हरिराम हाउस, हरिदास हाउस एवं हरिवंश हाउस के हाउस प्रभारियों का सहयोग रहेगा। विद्यालय के ब्रजांगन में ठाकुर जी के आनंद स्वरूप की विशेष उपस्थिति के साथ कार्यक्रम को भव्य रूप दिया जाएगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय की सहायक निदेशिका ऋचा जोशी करेंगी, जबकि विद्यालय की संस्थापिका रेखा जोशी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगी। विद्यालय प्रबंधन के अनुसार, आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों में श्रीकृष्ण के जीवन, बाल लीलाओं, मित्रता, धर्म एवं भारतीय संस्कृति के प्रति रुचि और भावनात्मक जुड़ाव विकसित करने का प्रयास किया जाएगा। विद्यालय परिवार ने विद्यार्थियों एवं अभिभावकों से उत्साहपूर्वक सहभागिता कर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है। कार्यक्रम में छात्रों द्वारा झांकी प्रदर्शन भी किया जाएगा।