खेरवाड़ा: वंदे मातरम की 150वीं वर्षगांठ पर सामूहिक गान आयोजित
विद्या भारती और अन्य शिक्षण संस्थानों में 'नमामि भारतम्' अभियान के तहत कार्यक्रम हुआ, जिसमें रिकॉर्ड दर्ज करने के लिए हजारों लोग शामिल हुए।
खेरवाड़ा के विद्या निकेतन स्कूल में मंच पर संबोधन देते मुख्य वक्ता और उपस्थित अतिथि।
खेरवाड़ा में नमामि भारतम्-वंदे मातरम की 150वीं वर्षगांठ के अवसर पर देशभर के साथ राष्ट्र स्वर गूंजा। विद्या भारती शिक्षा संस्थान उदयपुर द्वारा संचालित विद्यालयों के साथ जिले के सरकारी एवं गैर सरकारी विद्यालयों तथा विभिन्न कोचिंग संस्थानों में नमामि भारतम् वंदे मातरम सामूहिक गान कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर हजारों विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं नागरिकों ने एक साथ राष्ट्रगीत का सामूहिक गान किया।
राम मंदिर जवास मार्ग स्थित विद्या निकेतन माध्यमिक विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में प्रबंध समिति के सदस्य श्री राजेंद्र मेहता ने कहा कि बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय द्वारा रचित वंदे मातरम भारतीय जनमानस में राष्ट्र भाव और मातृभूमि के प्रति समर्पण का सशक्त प्रतीक रहा है। इसकी रचना के 150 वर्ष पूर्ण होने पर देशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि नमामि भारतम् अभियान के माध्यम से देशभर में विद्यार्थियों एवं नागरिकों को सामूहिक रूप से जोड़कर वंदे मातरम के माध्यम से राष्ट्र भाव जागरण का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल सामूहिक गान तक सीमित नहीं है, बल्कि राष्ट्रीय एकात्मता, सांस्कृतिक गौरव और मातृभूमि के प्रति सम्मान की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का अवसर है।
श्री राजेंद्र मेहता ने कहा कि एक ही समय में देशभर में लाखों लोगों का एक स्वर में वंदे मातरम गान राष्ट्र की सामूहिक चेतना और एकता का संदेश देगा। एशिया बुक ऑफ़ रिकार्ड्स एवं इंडिया बुक ऑफ़ रिकार्ड्स द्वारा नमामि भारतम् के अंतर्गत यह कार्यक्रम रिकॉर्ड किया जा रहा है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे प्रबंध समिति के श्री अमृतलाल पंचाल ने कहा कि वंदे मातरम सामान्य गीत नहीं, बल्कि 150 वर्षों की भारत की संघर्ष यात्रा और करोड़ों भारतीयों के बलिदान और त्याग के उस पवित्र भाव को अपने में समाहित करता हुआ कोटि-कोटि कंठ से उच्चारित होने वाला इस पुण्य भूमि भारत का मूल मंत्र है।
कार्यक्रम में माध्यमिक प्रधानाचार्य नवनीत श्रीमाली ने आभार व्यक्त किया। संचालन निशा व्यास ने किया। खेरवाड़ा सहित जिले के विभिन्न शिक्षण एवं कोचिंग संस्थानों में हुए सामूहिक गान से नमामि भारतम् अभियान के तहत वंदे मातरम के 150 वर्ष पूर्ण होने का अवसर सामूहिक रूप से मनाया गया।