गंदोली स्कूल की किंजल डांगी का राज्य स्तरीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता में चयन, बढ़ाया गौरव
गंदोली स्कूल की कक्षा 8 की छात्रा किंजल डांगी का 14 वर्ष आयु वर्ग वॉलीबॉल में राज्य स्तर पर चयन हुआ, अब उदयपुर जिले का करेंगी प्रतिनिधित्व।
राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय गंदोली की कक्षा 8 की छात्रा किंजल डांगी ने वॉलीबॉल में अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए 14 वर्ष आयु वर्ग की राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन हासिल किया है। किंजल अब राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में उदयपुर जिले का प्रतिनिधित्व करेंगी।
विद्यालय की संस्था प्रधान अनिता आर्य ने बताया कि हाल ही में राणा प्रताप उच्च माध्यमिक विद्यालय, भिंडर में आयोजित 70वीं जिला स्तरीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता में किंजल ने शानदार खेल प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता की तैयारी के लिए विद्यालय की छात्र-छात्रा टीम ने शारीरिक शिक्षक गोपाल लाल मेहता के निर्देशन में करीब दो माह तक नियमित अभ्यास किया था। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर किंजल का चयन जिला टीम में हुआ।
किंजल 28 सितंबर से 4 अक्टूबर तक कुचामन में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता में भाग लेंगी। प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए वह 27 सितंबर को जिला टीम के साथ कुचामन के लिए रवाना होंगी।
संस्था प्रधान अनिता आर्य ने बताया कि शारीरिक शिक्षक गोपाल लाल मेहता के निर्देशन में विद्यालय के अब तक 9 छात्राओं एवं एक छात्र का वॉलीबॉल में राज्य स्तर पर चयन हो चुका है। उन्होंने इसे विद्यालय के लिए गौरव की बात बताया।
किंजल के राज्य स्तरीय चयन पर उप प्रधानाध्यापक जितेश गुप्ता, टीम प्रभारी हुमा खान, शिक्षक अभिषेक शर्मा, अजय शर्मा, रजनी जैन, सुमन जोशी, उर्मिला टेलर एवं सरिता, विद्यालय प्रबंधन समिति अध्यक्ष रामलाल डांगी सहित समिति सदस्यों, परिजनों, छात्र-छात्राओं एवं ग्रामवासियों ने खुशी व्यक्त की। सभी ने किंजल को बधाई देते हुए राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।