खेरवाड़ा: शांतिनाथ जैन मंदिर में पर्युषण पर्व पर सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित
पाठशाला के बच्चों ने नृत्य और धार्मिक प्रस्तुतियों से पर्युषण पर्व का महत्व समझाया, मंदिर में पूजन और आरती का आयोजन हुआ।
खेरवाड़ा के मंदिर सभागार में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में उपस्थित श्रद्धालु और बच्चे।
खेरवाड़ा। तहसील रोड स्थित शांतिनाथ दिगंबर जैन मंदिर में पर्युषण पर्व के अवसर पर आयोजित धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम में पाठशाला परिवार के बच्चों ने रंगारंग और ज्ञानवर्धक प्रस्तुतियां देकर श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। प्रस्तुतियों में जैन धर्म के सिद्धांतों के साथ पर्युषण पर्व के उद्देश्य और महत्व को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत मंगलाचरण से हुई। इसके बाद माता त्रिशला ग्रुप ने विशेष प्रस्तुति दी। पाठशाला के बच्चों ने 24 तीर्थंकरों के चिन्हों पर आधारित मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया। बच्चों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से जैन धर्म एवं पर्युषण पर्व के उद्देश्य और महत्व को भी समझाया। उन्होंने बताया कि पर्युषण पर्व आत्मशुद्धि, संयम, तप, त्याग एवं क्षमाभाव का संदेश देता है। प्रस्तुतियों में धार्मिक ज्ञान और सांस्कृतिक रंगों का सुंदर समन्वय देखने को मिला।
बच्चों की प्रस्तुतियों पर उपस्थित समाजजनों ने तालियों के साथ उनका उत्साहवर्धन किया। पाठशाला परिवार की ओर से बच्चों को धार्मिक संस्कारों से जोड़ने और उनकी प्रतिभा को मंच प्रदान करने के प्रयास की भी सराहना की गई।
इस अवसर पर मंदिर परिसर में प्रातःकाल शांतिधारा, अभिषेक एवं विधि-विधानपूर्वक पूजन का आयोजन हुआ। श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव के साथ धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लिया। सायंकाल मंदिर में आरती आयोजित की गई, जिसमें समाजजनों ने बड़ी संख्या में सहभागिता की। पूरे दिन मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा।
कार्यक्रम में दिगंबर जैन समाज अध्यक्ष रमेशचंद्र कोठारी, महामंत्री भूपेंद्र जैन, महिला मंडल अध्यक्ष शकुंतला कोठारी, युवा परिषद अध्यक्ष विक्रांत कोठारी एवं महामंत्री वैभव कोठारी सहित टीना पंचोली, नीतू कोठारी, शीला कोठारी, चयनिका मेहता, अर्चना जैन एवं भारती वाणावत सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।