तस्वीर में युवक हाथों में बोरे थामे खड़ा है और पेड़ पर अजगर लिपटा दिख रहा है।

खेरवाड़ा के जयप्रकाश नगर क्षेत्र में लगातार दो दिनों में दो अजगर निकलने से मोहल्ले में हलचल मच गई। दोनों अजगरों को मोहल्लावासी युवक महिपाल सिंह राणावत ने पकड़कर वन विभाग को सुपुर्द किया। वन विभाग ने दोनों अजगरों को सघन वन क्षेत्र में ले जाकर छोड़ दिया।

गुरुवार की रात्रि जयप्रकाश नगर क्षेत्र में सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य कांतिलाल मेघवाल के मकान के समीप 15 फीट लंबा अजगर दिखाई दिया। इसकी जानकारी मिलते ही मोहल्लावासी युवक महिपाल सिंह राणावत मौके पर पहुंचे और अजगर को पकड़ लिया।

इसी प्रकार शुक्रवार सुबह जयप्रकाश नगर में ही बजारीया पेट्रोल पंप के पीछे 12 फीट लंबा अजगर नजर आया। इसे भी महिपाल सिंह राणावत ने पकड़ लिया। राणावत ने अजगर मिलने की जानकारी समाजसेवी पारस जैन को दी। इसके बाद पारस जैन ने वन विभाग के अधिकारियों को सूचित किया।

सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम ने दोनों अजगरों को अपने कब्जे में लेकर सघन वन क्षेत्र में ले जाकर छोड़ दिया। दोनों अजगरों के मिलने और उन्हें पकड़ने की जानकारी के बाद उन्हें देखने के लिए बड़ी संख्या में मोहल्लावासी एकत्रित हो गए। इस दौरान लोगों ने युवक महिपाल सिंह राणावत की बहादुरी की प्रशंसा की।

Tags: