खेरवाड़ा के शांतिनाथ दिगंबर जैन मंदिर में दो दिवसीय प्रतिष्ठापना महोत्सव शुरू
| प्रतिष्ठाचार्य पंडित सुधीर मार्तंड ऋषभदेव के सानिध्य में ध्वजारोहण और शोभायात्रा के साथ धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
खेरवाड़ा के शांतिनाथ दिगंबर जैन मंदिर में प्रतिष्ठापना महोत्सव के पहले दिन निकली शोभायात्रा में शामिल श्रद्धालु।
खेरवाड़ा के तहसील रोड स्थित शांतिनाथ दिगंबर जैन जिनालय में दो दिवसीय प्रतिष्ठापना महोत्सव का शनिवार को भव्य शुभारंभ हुआ। अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त प्रतिष्ठाचार्य पंडित सुधीर मार्तंड ऋषभदेव के सानिध्य में आयोजित महोत्सव के पहले दिन धार्मिक अनुष्ठानों के साथ विशाल शोभायात्रा निकाली गई। बैंड-बाजों की धुन, भक्ति गीतों और जैन धर्म के जयकारों से पूरा कस्बा गुंजायमान हो उठा। आयोजन में बड़ी संख्या में समाजजन और श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
समाज अध्यक्ष रमेश चंद्र कोठारी एवं महामंत्री भूपेंद्र जैन ने बताया कि महोत्सव के प्रथम दिन शनिवार सुबह 8:30 बजे बैंड-बाजों के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इसमें बड़ी संख्या में समाजजन और श्रद्धालु शामिल हुए। शोभायात्रा के दौरान श्रद्धालु भक्ति गीतों पर नाचते-गाते और झूमते हुए आगे बढ़े। पूरे कस्बे में जैन धर्म के जयकारे गूंजते रहे।
शोभायात्रा में सौधर्म इंद्र एवं वेदी संस्कारकर्ता सतीश चंद्र वाणावत परिवार, कुबेर इंद्र एवं ध्वजादंड स्थापनकर्ता श्याम सुंदर कोठारी परिवार, यज्ञ नायक अल्पेश जैन परिवार, ईशान इंद्र जुगल वखारिया परिवार, माहेंद्र इंद्र एवं क्षेत्रपाल प्रतिमा स्थापनकर्ता प्रदीप कोठारी परिवार तथा सनत इंद्र एवं पद्मावती प्रतिमा स्थापनकर्ता मनोज कोठारी परिवार बग्गियों में सवार होकर शामिल हुए। सौधर्म इंद्र वाणावत परिवार के नेतृत्व में सभी इंद्र-इंद्राणी परिवारों ने शोभायात्रा में सहभागिता निभाई।
इससे पहले सुबह 8:25 बजे मनोज कोठारी परिवार ने विधि-विधान और मंत्रोच्चार के साथ ध्वजारोहण किया। इसके साथ ही समारोह का उद्घाटन और मंदिर शुद्धि का कार्यक्रम संपन्न हुआ। सुबह 10 बजे विधि मंडप में श्रीजी स्थापना एवं नित्य महाभिषेक किया गया। इसके बाद प्रतिष्ठाचार्य सुधीर मार्तंड के निर्देशन में इंद्र प्रतिष्ठापना, मंडप प्रतिष्ठापना, जिनेंद्र अर्चना और वास्तु विधान सहित विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए।
महोत्सव की प्रथम एवं द्वितीय शांतिधारा का सौभाग्य हितेश पुत्र कन्हैया लाल पंचोली, आदिनाथ किराणा परिवार को प्राप्त हुआ। इससे पहले शुक्रवार रात्रि को महिला परिषद की ओर से मंदिर परिसर में मांगलिक गीतों का कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
महोत्सव के दौरान शांतिधारा कर्ता परिवार, महासभा अध्यक्ष लक्ष्मी लाल वोरा तथा अतिथि अजित जैन एवं चांद मल पंचोली का समाज की ओर से पगड़ी, शाल और श्रीफल भेंट कर सम्मान किया गया।
आयोजन में समाज के विभिन्न परिवारों ने धार्मिक अनुष्ठानों में उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई। युवा परिषद अध्यक्ष विक्रांत कोठारी एवं महामंत्री वैभव कोठारी के नेतृत्व में युवा परिषद की पूरी टीम ने आयोजन की व्यवस्थाओं में सराहनीय सहयोग दिया। समाज पदाधिकारियों ने सभी धर्मप्रेमी बंधुओं एवं श्रद्धालुओं का सहभागिता के लिए आभार व्यक्त किया और महोत्सव में शामिल होकर धर्मलाभ लेने का आह्वान किया।