माउंट आबू बर्ड फेस्टिवल का आधिकारिक लोगो दिखाई दे रहा है, जिसमें पहाड़ों और सूर्य की पृष्ठभूमि के साथ एक पक्षी का चित्र है।

राजस्थान के एकमात्र हिल स्टेशन माउंट आबू में शनिवार से पक्षियों और जैव विविधता का अनूठा उत्सव शुरू होने जा रहा है। पहली बार आयोजित हो रहे दो दिवसीय ‘माउंट आबू बर्ड फेस्टिवल-2026’ में शामिल होने के लिए देशभर के पक्षी विज्ञानी, बर्ड एक्सपर्ट, वन्यजीव विशेषज्ञ और प्रकृतिप्रेमियों का पहुंचना शुरू हो गया है। 28 और 29 नवंबर को होने वाले इस महोत्सव में करीब 400 विद्यार्थी भी हिस्सा लेंगे।

ग्रीन पीपल सोसायटी (जीपीएस), उदयपुर के तत्वावधान में राजस्थान वन विभाग, सीआरपीएफ की आंतरिक सुरक्षा अकादमी और डब्ल्यूडब्ल्यूएफ-इंडिया के सहयोग से महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। आयोजन की पूर्व संध्या पर सोसायटी अध्यक्ष एवं सेवानिवृत्त सीसीएफ राहुल भटनागर, उपाध्यक्ष एवं सेवानिवृत्त आईएएस विक्रम सिंह तथा प्रतिनिधिमंडल ने आयोजन स्थल का दौरा कर तैयारियों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए आयोजन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

आयोजन व्यवस्था प्रभारी प्रो. इंद्रजीत माथुर ने प्रतिनिधिमंडल को विद्यार्थियों के लिए तैयार की गई विशेष किट, उनके आवास और अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी दी। महोत्सव में विद्यार्थियों की भागीदारी को विशेष महत्व दिया गया है। उनके लिए चित्रकला प्रतियोगिता, प्रश्नोत्तरी, बर्ड वॉक और बर्ड ट्रेल जैसी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनके माध्यम से विद्यार्थी पक्षियों की पहचान करने के साथ उनके संरक्षण के व्यावहारिक पहलुओं को भी समझ सकेंगे।

महोत्सव का उद्घाटन 28 नवंबर को सुबह 11:30 बजे सीआरपीएफ की आंतरिक सुरक्षा अकादमी में होगा। उद्घाटन समारोह में जोधपुर कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. वीरेंद्र सिंह जाटावत, राजस्थान के मुख्य वन्यजीव प्रतिपालक आईएफएस शशि शंकर पाठक सहित प्रशासनिक एवं सैन्य अधिकारी उपस्थित रहेंगे।

उद्घाटन के बाद दोपहर 2:45 से शाम 5 बजे तक तकनीकी सत्र आयोजित होगा। इसमें चार विशेषज्ञ अलग-अलग विषयों पर व्याख्यान देंगे। पक्षी विज्ञानी डॉ. रजत भार्गव राजस्थान में संकटग्रस्त ग्रीन अवदावत के संरक्षण पर अपनी बात रखेंगे। डॉ. सुतिर्था दत्ता ग्रेट इंडियन बस्टर्ड, संगीतकार एवं वन्यजीव संरक्षणकर्ता अभिषेक रे ‘बाघ : द इनसाइड स्टोरी’ और वन्यजीव जीवविज्ञानी विजयादित्य सिंह राठौड़ थार मरुस्थल में कृषि परिवर्तन तथा जैव विविधता के विषय पर व्याख्यान देंगे।

माउंट आबू वन्यजीव अभयारण्य में पक्षियों की 250 से अधिक प्रजातियां दर्ज हैं। इनमें ग्रीन मुनिया, इंडियन पैराडाइज फ्लाईकैचर, क्रेस्टेड सर्पेंट ईगल और इंडियन पिट्टा जैसी प्रजातियां क्षेत्र की समृद्ध पक्षी विविधता को दर्शाती हैं। महोत्सव के दौरान अरावली क्षेत्र के प्राकृतिक आवासों के संरक्षण, पक्षियों की घटती संख्या, जैव विविधता और प्रकृति आधारित पर्यटन की संभावनाओं पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा।

क्षेत्र के प्रकृतिविद् एवं पक्षी प्रेमी स्वर्गीय अनिल माथुर की स्मृति को समर्पित इस महोत्सव का उद्देश्य माउंट आबू की प्राकृतिक विरासत को राष्ट्रीय पहचान दिलाने के साथ नई पीढ़ी को संरक्षण अभियान से जोड़ना है। आयोजकों की योजना इसे वार्षिक आयोजन के रूप में विकसित करने की है। इसके तहत पक्षी गणना, विद्यालयों में बर्ड क्लब और नागरिक विज्ञान जैसी गतिविधियों को भी लगातार बढ़ावा दिया जाएगा।

माउंट आबू में पहली बार हो रहा यह आयोजन पक्षियों की विविधता, उनके प्राकृतिक आवासों के संरक्षण और जैव विविधता से जुड़े मुद्दों को एक मंच पर लाएगा। साथ ही विद्यार्थियों की भागीदारी के जरिए प्रकृति संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास भी किया जाएगा।

Tags: