खेरवाड़ा में भाजपा नेता दिनेश मीणा को पार्टी का दुपट्टा पहनाकर शामिल कराते हुए।   

खेरवाड़ा। पंचायत चुनाव के बीच खेरवाड़ा की राजनीति में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। कांग्रेस नेता दिनेश मीणा ने पार्टी छोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया। उनके इस फैसले से क्षेत्र के राजनीतिक समीकरणों को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

बताया जा रहा है कि पंचायत समिति सदस्य के चुनाव में कांग्रेस से टिकट नहीं मिलने के कारण दिनेश मीणा पार्टी से नाराज चल रहे थे। टिकट नहीं मिलने पर उन्होंने खेरवाड़ा के वार्ड संख्या 12 से अपनी बहू को निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान में उतारा था। टिकट वितरण को लेकर शुरू हुई नाराजगी के बाद उन्होंने कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल होने का फैसला किया।

भाजपा में शामिल होने पर खेरवाड़ा मंडल अध्यक्ष हेमंत मेहता, जिला मंत्री अमित कलाल और भाजपा के वरिष्ठ नेता पारस जैन ने दिनेश मीणा की अगवानी की। भाजपा नेताओं ने उनका स्वागत किया।

पंचायत चुनाव के दौरान दिनेश मीणा का कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल होना क्षेत्र का महत्वपूर्ण राजनीतिक घटनाक्रम माना जा रहा है। उनके इस फैसले के बाद खेरवाड़ा की राजनीति में नए समीकरणों को लेकर चर्चा तेज हो गई है। अब पंचायत चुनाव के परिणामों और क्षेत्र के राजनीतिक समीकरणों पर इस दल-बदल का कितना असर पड़ता है, इस पर नजर रहेगी।

Tags: