खेरवाड़ा पंचायत समिति में प्रधान पद के चुनाव में भाजपा ने बड़ा उलटफेर करते हुए कांग्रेस को एक मत से शिकस्त दी। शुक्रवार को हुए मतदान में भाजपा प्रत्याशी अनिल डोडा ने कांग्रेस के सुंदरलाल अहारी को पराजित कर प्रधान पद पर कब्जा जमाया। चुनाव परिणाम ने पंचायत समिति सदस्यों के मूल चुनावी गणित को बदलकर रख दिया।

पंचायत समिति खेरवाड़ा के 17 वार्डों में हुए सदस्य चुनाव में कांग्रेस के 8, भाजपा के 6, दो निर्दलीय और एक बाप पार्टी का प्रत्याशी निर्वाचित हुआ था। इस चुनावी समीकरण में भाजपा के पास केवल 6 सदस्य थे, लेकिन प्रधान पद के मतदान में भाजपा प्रत्याशी अनिल डोडा को 9 मत प्राप्त हुए। वहीं, कांग्रेस प्रत्याशी सुंदरलाल अहारी को 8 मत मिले। इस तरह अनिल डोडा ने एक मत के अंतर से जीत दर्ज की।

इस चुनाव में क्षेत्र के पूर्व विधायक नानालाल अहारी, पूर्व प्रधान अमृतलाल डामोर, भाजपा जिला मंत्री अमित कलाल, जिला प्रकोष्ठ प्रभारी जयदीप जैन और मंडल अध्यक्ष हेमंत मेहता की रणनीति कारगर रही। भाजपा ने अपने छह सदस्यों के मुकाबले नौ मत हासिल कर असंभव मानी जा रही जीत को संभव बनाया और सभी को आश्चर्यचकित कर दिया।

भाजपा प्रत्याशी अनिल डोडा की जीत के बाद पंचायत समिति परिसर से बाहर आने पर कार्यकर्ताओं ने उनका फूल-मालाओं से स्वागत किया। इस दौरान आतिशबाजी कर भाजपा की जीत का जश्न मनाया गया।

इस अवसर पर भाजपा की वरिष्ठ नेता पारस जैन, मंडल उपाध्यक्ष प्रमोद अग्रवाल, मंडल महामंत्री विक्रांत कोठारी सहित सैकड़ों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। खेरवाड़ा पंचायत समिति के प्रधान चुनाव में भाजपा की यह जीत सदस्य संख्या के शुरुआती समीकरण से अलग रहे मतदान परिणाम के कारण चर्चा का विषय बनी।

Tags: