रण घाटी में सीमेंट की चद्दरों से भरे ट्रेलर के ब्रेक फेल होने के बाद चालक ने वाहन को पहाड़ी से भिड़ाया।

झाड़ोल। बाघपुरा थाना क्षेत्र की रण घाटी में सीमेंट की चद्दरों से भरा एक ट्रेलर अचानक ब्रेक फेल होने से अनियंत्रित होकर पहाड़ी से टकरा गया। हादसे में चालक और खलासी घायल हो गए। हालांकि, चालक की सूझबूझ से ट्रेलर खाई में गिरने से बच गया और एक बड़ा हादसा टल गया।

जानकारी के अनुसार, ट्रेलर अजमेर से सीमेंट की चद्दरें भरकर ओड़ा की ओर जा रहा था। इसी दौरान रण घाटी में अचानक उसके ब्रेक फेल हो गए। ट्रेलर की रफ्तार पर नियंत्रण खोने की स्थिति में चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए वाहन को खाई की ओर जाने से बचाया और पहाड़ी की तरफ मोड़ दिया। इसके बाद ट्रेलर पहाड़ी से जा टकराया।

दुर्घटना में ट्रेलर चालक नफीस पुत्र रुस्तम (23) और खलासी ललित पुत्र धर्मेंद्र (18) घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलने पर 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को झाड़ोल उप जिला चिकित्सालय पहुंचाया।

अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद ललित पुत्र धर्मेंद्र, निवासी श्रीनगर अजमेर की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे उदयपुर रेफर कर दिया। वहीं, दूसरे घायल नफीस का झाड़ोल अस्पताल में उपचार किया गया। चालक की सूझबूझ के चलते ट्रेलर खाई में जाने से बच गया, जिससे संभावित बड़ा हादसा टल गया।

Tags: