फॉलोअप ग्राम सेवा शिविर में ग्रामीणों ने उठाई बिजली समस्या, जर्जर लाइन और ट्रांसफार्मर बदलने के निर्देश
फॉलोअप ग्राम सेवा शिविर में आड़ीवली के ग्रामीणों ने जर्जर बिजली लाइन, झूलते तार और कम क्षमता के ट्रांसफार्मर की समस्या उठाई, समाधान के निर्देश जारी।
खेरवाड़ा के उपखंड नयागांव की ग्राम पंचायत पहाड़ा में तहसीलदार डूंगरलाल प्रजापत की उपस्थिति में आयोजित फॉलोअप ग्राम सेवा शिविर के दौरान ग्रामीणों ने बिजली संबंधी समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए उनके शीघ्र समाधान की मांग की। शिविर में आड़ीवली के ग्रामीणों ने परिवेदना प्रस्तुत कर क्षेत्र में लंबे समय से बनी विद्युत संबंधी समस्याओं से प्रशासन को अवगत कराया।
ग्रामीणों ने बताया कि बालिका स्कूल से रावजी फला तक जाने वाली विद्युत लाइन के तार पुराने एवं क्षतिग्रस्त हो चुके हैं। इसके अलावा बस्ती में लगभग 75 बिजली कनेक्शन होने के बावजूद केवल 25 केवी का ट्रांसफार्मर लगा हुआ है, जिसके कारण आए दिन ट्रांसफार्मर के फ्यूज उड़ जाते हैं। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि कई स्थानों पर विद्युत तार झूलकर घरों को छू रहे हैं, जिससे कभी भी दुर्घटना होने की आशंका बनी हुई है।
शिविर प्रभारी ने ग्रामीणों की परिवेदना को अजमेर विद्युत वितरण निगम के सहायक अभियंता को अग्रेषित करते हुए समस्या के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। शिविर में आरआई कमलकिशोर, पटवारी दयाराम सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।