खेरवाड़ा में नव मतदाताओं के नाम जोड़ने में लापरवाही, नौ बीएलओ को कारण बताओ नोटिस
खेरवाड़ा में मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान के दौरान नव मतदाताओं के नाम जोड़ने में धीमी प्रगति पर एसडीएम निलेश कुमार कलाल ने नौ बीएलओ को कारण बताओ नोटिस जारी किए हैं। निर्धारित समय-सीमा में सुधार नहीं होने पर सख्त कार्रवाई होगी।
खेरवाड़ा में मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान के तहत नव मतदाताओं के नाम जोड़ने में धीमी प्रगति और लापरवाही सामने आने पर निर्वाचन विभाग ने सख्ती दिखाई है। 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं के नाम मतदाता सूची में शामिल करने के कार्य में अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं एसडीएम खेरवाड़ा निलेश कुमार कलाल ने नौ बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को कारण बताओ नोटिस जारी किए हैं।
अभियान की समीक्षा के दौरान संबंधित बीएलओ के कार्य की प्रगति अत्यंत धीमी पाई गई। इसके बाद लक्ष्मणलाल मीणा, हंसमुख कलाल, राजकुमार, लालूराम मीणा, प्रभुलाल मीणा, धनराज, बंशीलाल पटेल, बंशीलाल मीणा, रमेशचन्द्र मीणा एवं सुनील मीणा के विरुद्ध कार्रवाई की गई है।
निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी निलेश कुमार कलाल ने स्पष्ट किया कि निर्वाचन संबंधी कार्य सर्वोच्च प्राथमिकता के हैं। निर्धारित समय-सीमा में कार्य की प्रगति में सुधार नहीं करने और संतोषजनक जवाब नहीं देने वाले कार्मिकों के विरुद्ध सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके सभी पात्र युवाओं से मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6 अनिवार्य रूप से भरने की अपील की है। अभियान का उद्देश्य पात्र युवाओं के नाम मतदाता सूची में शामिल करना है, ताकि कोई भी पात्र युवा मतदान के अधिकार से वंचित न रहे।