अखिल भारतीय दिगम्बर जैन सकल नरसिंहपुरा संस्थान, उदयपुर की ओर से सम्मेद शिखर यात्रा को लेकर संशोधित जानकारी जारी की गई है। रेलवे बुकिंग और विशेष कारणों के चलते मध्यप्रदेश, राजस्थान और गुजरात के संस्थान सदस्यों के प्रस्थान कार्यक्रम में बदलाव किया गया है। संस्थान के परम संरक्षक कुंती लाल जैन ने सम्मानित महानुभावों को सादर जय जिनेन्द्र के साथ यात्रा संबंधी आवश्यक जानकारी दी है।

संशोधित कार्यक्रम के अनुसार, मध्यप्रदेश संस्थान के सदस्य 23 जनवरी को रात्रि 11 बजे ट्रेन नंबर 22911 क्षिप्रा एक्सप्रेस से प्लेटफॉर्म नंबर 4 से प्रस्थान करेंगे। राजस्थान संस्थान के सदस्य 24 जनवरी 2027 को प्रातः 6 बजे उदयपुर रेलवे स्टेशन से रवाना होंगे। वहीं, गुजरात संस्थान के सदस्य 23 जनवरी 2027 को रात्रि 11 बजे हावड़ा एक्सप्रेस से अहमदाबाद से प्रस्थान करेंगे।

यात्रा कार्यक्रम के अनुसार, सभी यात्री 25 जनवरी को तलहटी पर देव-दर्शन करेंगे। इसके बाद रात्रि में शंका समाधान और संगीतमय गुरु भक्ति का आयोजन होगा। 26 जनवरी को मध्य रात्रि लगभग 3 बजे पहाड़ वंदना के लिए प्रस्थान किया जाएगा।

27 जनवरी को प्रातः 108 प्रमाण सागर जी महाराज के सानिध्य में संगीतकार द्वारा सम्मेद शिखर विधान आयोजित होगा। इसी दिन शंका समाधान और पुण्यार्जक सम्मान समारोह भी रखा जाएगा। इसके बाद तलहटी पर शोभायात्रा और गुरु भगवंत के दर्शन होंगे तथा रात्रि में प्रस्थान किया जाएगा।

संस्थान की ओर से स्पष्ट किया गया है कि यह कार्यक्रम संभावित है और इसमें आंशिक संशोधन हो सकता है। यात्रा से संबंधित विस्तृत जानकारी टोंकों के फोटो के साथ पुस्तक में उपलब्ध कराई जाएगी। रेलवे बुकिंग और प्रस्थान समय में किए गए संशोधनों के बाद यात्रियों को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अपनी यात्रा की तैयारी करनी होगी।

Tags: