खेरवाड़ा में गुरु पूर्णिमा पर संतों का सम्मान, देवस्थान विभाग के संदेश से हुआ अभिनंदन

खेरवाड़ा में गुरु पूर्णिमा के अवसर पर देवस्थान विभाग की ओर से संतों एवं महंतों का सम्मान किया गया। गोदावरी धाम मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का गुरु वंदन संदेश भी भेंट किया गया।

Update: 2026-07-29 14:43 GMT

तस्वीर में खेरवाड़ा के गोदावरी धाम मंदिर में गुरु पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान संत और अन्य गणमान्य लोग मौजूद दिखाई दे रहे हैं।

खेरवाड़ा। राज्य सरकार के देवस्थान विभाग की ओर से बुधवार को गुरु पूर्णिमा के अवसर पर क्षेत्र के प्रसिद्ध गोदावरी धाम मंदिर में संतों एवं महंतों का सम्मान एवं अभिनंदन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के विभिन्न मठों और मंदिरों के संतों को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में पूर्व विधायक नानालाल अहारी तथा पूर्व प्रधान एवं कार्यक्रम विधानसभा प्रभारी अमृत डामोर के नेतृत्व में गोदावरी धाम मंदिर के महंत सोमगिरि जी महाराज एवं संत सीताराम बाबा जी, महुवाड़ा कल्याणपुर कल्लाजी धाम के महंत पुष्पेंद्र जी महाराज, सेमारी निर्भय नाथ मठ के महंत ईश्वर नाथ जी महाराज, गातोड़ जी मंदिर के महंत पन्नालाल जी फलाहारी एवं ऋषभदेव मैया धाम के महंत करुणेश्वर जी रावल का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।

इस अवसर पर संत सोमगिरि एवं महंत सीताराम बाबा जी सहित समस्त मठों एवं मंदिरों के महंतों को सम्मान स्वरूप मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की ओर से प्रेषित "गुरु वंदन संदेश" के साथ श्रीफल, शाल, दुपट्टा, मिठाई एवं फल भेंट कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में महंत सोमगिरि महाराज ने भारतीय संस्कृति में गुरु की महिमा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हमारी संस्कृति में गुरु का स्थान सर्वोपरि माना गया है। गुरु न केवल ज्ञान का प्रकाश फैलाते हैं, बल्कि जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में सही दिशा और मार्गदर्शन देकर श्रेष्ठ समाज एवं सुदृढ़ राष्ट्र के निर्माण की प्रेरणा भी देते हैं।

इस दौरान क्षेत्र के पूर्व प्रधान अमृतलाल डामोर, भाजपा के वरिष्ठ नेता पारस जैन, पूर्व मंडल अध्यक्ष रमेश कोठारी, भाजपा देहात जिला मंत्री अमित कलाल, मंडल अध्यक्ष हेमंत मेहता, महामंत्री विक्रांत कोठारी, उपखंड अधिकारी शिवन्या गुप्ता, तहसीलदार रेवत राम भील, विकास अधिकारी मंछाराम, गोदावरी धाम विकास समिति के अध्यक्ष भरत कलाल, महासचिव शंकर लाल पंचाल, प्रकाश कलाल, नरसिंह डामोर, लव सीतलानी, हरीश पानेरी, नरेश अग्रवाल, हसमुख पानेरी, प्रतिष्ठाचार्य प्रभा शंकर जोशी एवं गणेश व्यास सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।

गुरु पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित इस सम्मान कार्यक्रम में क्षेत्र के संतों एवं महंतों का अभिनंदन कर गुरु परंपरा और भारतीय संस्कृति के प्रति सम्मान व्यक्त किया गया।

Tags:    

Similar News