तस्वीर में खेरवाड़ा गौशाला परिसर में आयोजित सम्मान समारोह के दौरान सम्मानित होने वाले गौ सेवक और अतिथि नजर आ रहे हैं।

खेरवाड़ा। श्री राम गौशाला समिति खेरवाड़ा की ओर से सोमवार शाम खेरवाड़ा गौशाला परिसर में गौ सेवा सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में गौ सेवा एवं गौ संरक्षण के क्षेत्र में निरंतर योगदान देने वाले समर्पित गौ सेवकों को सम्मानित कर उनके सेवाभाव की सराहना की गई।

समारोह के मुख्य अतिथि मगनलाल पंचाल तथा विशिष्ट अतिथि बाबूलाल सर्राफ, अशोक कलाल, गणेश कलाल, पिंटू भाई जोशी, प्रकाश कलाल, जगदीश व्यास, शान्तिलाल व्यास, ओम प्रसाद व्यास, राजू गिरी महाराज, भरत कलाल, राजेन्द्र पानेरी, मुकेश भोई, शैलेष जैन, बजरंग अग्रवाल सहित गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। कार्यक्रम में गौ सेवा के प्रति समर्पण, गौ संरक्षण की आवश्यकता तथा समाज की सामूहिक जिम्मेदारी को लेकर समिति और अतिथि वक्ताओं ने प्रेरणादायी उद्बोधन दिए।

समिति सचिव हरीश पानेरी ने बताया कि सत्र 2022-25 के दौरान नियमित रूप से त्रि-वर्षीय गौ ग्रास समर्पण करने वाले सभी समर्पित गौ सेवकों के सम्मान में समारोह आयोजित किया गया। उन्होंने कहा कि गौ सेवकों द्वारा निरंतर किया गया सहयोग गौशाला संचालन एवं गौ सेवा के लिए महत्वपूर्ण है। समिति की ओर से सभी सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त किया गया।

पानेरी ने बताया कि 50x50 भवन निर्माण के साथ टंकियां, घास बोरिंग कुआं तथा घास रखने के लिए राधिका हाउस का भी निर्माण कराया गया है। वहीं मुख्य अतिथि मगनलाल पंचाल ने गौशाला के लिए नयागांव में पाँच बीघा जमीन दान की।

समारोह में ब्राह्मण, जैन, कलाल, पंचाल, पटेल, नाई, अग्रवाल, सुथार व अन्य समाज सहित गौ सेवकों को उपरणा ओढ़ाकर तथा प्रशंसा-पत्र फ्रेम भेंट कर सम्मानित किया गया। अतिथि वक्ताओं ने कहा कि गौ सेवा केवल धार्मिक भावना तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जीवदया, करुणा और सामाजिक जिम्मेदारी का महत्वपूर्ण स्वरूप है। गौशालाओं के संचालन में समाज के सहयोग की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। नियमित गौ ग्रास समर्पण जैसे प्रयासों से गौशालाओं में निराश्रित एवं जरूरतमंद गोवंश की बेहतर देखभाल सुनिश्चित करने में सहायता मिलती है।

पूर्व अध्यक्ष शंकर लाल पंचाल ने उपस्थित लोगों से गौ सेवा से जुड़कर अपनी सामर्थ्य के अनुसार नियमित सहयोग करने तथा समाज में गौ संरक्षण और जीवदया के प्रति जागरूकता बढ़ाने में योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सामूहिक सहभागिता से ही गौशालाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं आत्मनिर्भर बनाया जा सकता है।

अध्यक्ष बेचर पटेल ने कहा कि समारोह का उद्देश्य केवल सम्मान करना नहीं, बल्कि समाज में गौ सेवा की भावना को और मजबूत करना तथा अधिक से अधिक लोगों को नियमित गौ सेवा एवं गौ संरक्षण से जोड़ना है। कार्यक्रम में उपस्थित गौ सेवकों ने भी गौशाला के प्रति अपना सहयोग आगे भी जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया।

सम्मान समारोह में समिति के पूर्व अध्यक्ष शंकरलाल पंचाल, अध्यक्ष बेचर पटेल, सचिव हरीश पानेरी, कोषाध्यक्ष कृष्णगोपाल पंचाल, मुकेश टांक, नरेश अग्रवाल, सत्यनारायण प्रजापत एवं लव सितलानी सहित समिति के पदाधिकारी, सदस्य एवं गौ सेवक उपस्थित रहे। सम्पूर्ण सम्मान समारोह के आयोजक शंकरलाल पंचाल व अशोक कलाल रहे। समारोह में नियमित गौ सेवा और सामूहिक सहयोग के माध्यम से गौ संरक्षण को मजबूत करने का संदेश दिया गया।

Tags: