तस्वीर में खेरवाड़ा के उप तहसील क्षेत्र बावलवाड़ा के बैनਰ तले बिलानाम भूमि आवंटन और पट्टों की मांग को लेकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपते हुए काश्तकार किसान और महिलाएं नजर आ रहे हैं।

खेरवाड़ा में लाड़देश पट्टा संघर्ष मोर्चा, उप तहसील क्षेत्र बावलवाड़ा के बैनर तले क्षेत्र के काश्तकार किसानों और महिलाओं ने बुधवार को एसडीएम खेरवाड़ा निलेश कुमार कलाल को ज्ञापन सौंपा। किसानों ने वर्षों से बिलानाम भूमि पर खेती कर रहे पात्र काश्तकारों को नियम 91 के तहत भूमि आवंटित कर पट्टे जारी करने की मांग की।

ज्ञापन मोर्चा सदस्य एवं पूर्व पंचायत समिति सदस्य अश्विन दरंगा के नेतृत्व में सौंपा गया। इस दौरान मुकेश दरंगा, नवीन भगोरा, सुरेश भगोरा, कानसिंह गरासिया, पेमाराम, गुमानसिंह, मगनीराम बोदर, शंकर सिंह और समरत सिंह सहित ग्राम पंचायत मगरा, ढीकवास, कानपुर, कातर, भाखरा, बावलवाड़ा एवं नवाघरा के काश्तकार किसान और महिलाएं मौजूद रहीं।

ज्ञापन में बताया गया कि क्षेत्र के अनेक किसान वर्ष 2006 से बिलानाम भूमि पर खेती कर रहे हैं और राजस्व विभाग में निर्धारित शुल्क भी जमा कराते रहे हैं। इसके बावजूद भूमि का नियमितीकरण नहीं हुआ है। किसानों के अनुसार राज्य के अन्य क्षेत्रों में पात्र काश्तकारों को खातेदारी अधिकार दिए जा चुके हैं, जबकि बावलवाड़ा क्षेत्र के मामलों में अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है।

किसानों ने संलग्न सूची में शामिल पात्र काश्तकारों की पहचान कर नियम 91 के तहत बिलानाम भूमि का नियमितीकरण करने और शीघ्र पट्टे जारी करने की मांग रखी। इसके साथ ही शुल्क वसूली, रसीद जारी नहीं करने तथा अन्य राजस्व संबंधी अनियमितताओं की जांच कर उचित कार्रवाई की मांग भी की गई।

मोर्चा पदाधिकारियों ने कहा कि लंबे समय से लंबित मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई नहीं होने पर काश्तकार आंदोलन को और तेज करने के लिए मजबूर होंगे। ज्ञापन के माध्यम से किसानों ने बिलानाम भूमि के नियमितीकरण और पट्टे जारी करने की प्रक्रिया में लंबित मामलों पर कार्रवाई की मांग उठाई है।

Tags: