तस्वीर में मैदान पर वॉलीबॉल प्रतियोगिता के दौरान मैच खेलतीं छात्रा खिलाड़ी।

खेरोदा में महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय के तत्वावधान में आयोजित 70वीं जिला स्तरीय वॉलीबॉल बालिका 17 एवं 19 वर्ष आयु वर्ग खेलकूद प्रतियोगिता (2026-27) के दूसरे दिन क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में खिलाड़ियों ने दमखम दिखाया। रोमांचक मुकाबलों के बाद दोनों आयु वर्गों में सेमीफाइनल की तस्वीर साफ हो गई। चार दिवसीय प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विद्यालयों से आईं 409 छात्रा खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं।

24-09-2026 को प्रतियोगिता के दूसरे दिन हुए सभी मुकाबले सीबीईओ भींडर राजेंद्र कुमार चौबीसा की अध्यक्षता में आयोजित किए गए। मैच रेफरी बलवंत चौधरी, लता गहलोत, बीना आचार्य, सुमन चौबीसा, डॉ. सीमा गुर्जर, सुनील कोठारी सहित अन्य मैच रेफरी की देखरेख में मुकाबले निष्पक्ष एवं सुचारू रूप से संपन्न हुए।

17 वर्ष आयु वर्ग के क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में टीमों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। पहले मैच में सेमटाल ने गुडली को पराजित कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। इसके बाद सीपीएस ने वल्लभनगर, बामनीकला ने टैलेंट एकेडमी और मेजबान एमजीजीएस खेरोदा ने एंथोनी विद्यालय की टीम को शिकस्त देकर सेमीफाइनल में जगह बनाई।

19 वर्ष आयु वर्ग में भी टीमों के बीच कड़े मुकाबले हुए। मुकाबलों के परिणाम के बाद इस वर्ग की सेमीफाइनल की चारों टीमें तय हो गईं। सेमीफाइनल मुकाबले जीएसएस वाना, शाला क्रीड़ा संगम (एसकेएस) उदयपुर, फतह अकादमी फतेहनगर और सेंट ग्रेगोरियस उदयपुर के बीच खेले जाएंगे।

इससे पूर्व खेले गए शुरुआती मुकाबले में 17 वर्ष वर्ग में सेमटाल ने टूस डांगियान को हराया था। विद्यालय परिसर में तैयार किए गए दो वॉलीबॉल कोर्ट्स पर चल रही इस चार दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता को लेकर स्थानीय खेल प्रेमियों, शारीरिक शिक्षकों और ग्रामीणों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। आयोजन समिति ने प्रतियोगिता के सफल संचालन में सहयोग दे रहे सभी निर्णायकों, शिक्षकों और खेल प्रभारियों की सराहना की।

Tags: