भावना मीणा का राज्य स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता में चयन
पीपली अ विद्यालय की छात्रा भावना 28 सितंबर से भीलवाड़ा में आयोजित 19 वर्ष आयु वर्ग क्रिकेट प्रतियोगिता में भाग लेंगी।
तस्वीर में कोच भारत भूषण जोशी और छात्रा भावना मीणा एक साथ खड़े हैं।
राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय पीपली अ की छात्रा भावना मीणा ने अपने खेल कौशल के दम पर 19 वर्ष आयु वर्ग की राज्य स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता में स्थान बनाया है। भावना का चयन राज्य स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता के लिए हुआ है, जिसके बाद पीपली अ गांव में खुशी और उत्साह का माहौल है।
भावना मीणा अब 28 सितंबर से 4 अक्टूबर तक भीलवाड़ा स्थित सेठ मुरलीधर मानसिंहका राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेंगी।
विद्यालय के अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त वरिष्ठ शारीरिक शिक्षक एवं राज्य स्तरीय प्रशिक्षक भारत भूषण जोशी ने बताया कि भावना ने अपने खेल कौशल के दम पर राज्य स्तर पर स्थान बनाया है। उनके चयन की सूचना मिलते ही पीपली अ गांव में खुशी और उत्साह का माहौल बन गया।
भावना के चयन पर प्रधानाचार्य पूजा सहारण, उप प्रधानाचार्य बहादुर सिंह मीणा, सरपंच हाजा राम अहारी सहित जिले के प्रधानाचार्य, शारीरिक शिक्षक, शिक्षाविद्, छात्राओं के परिजन, विद्यालय परिवार, ग्रामवासी एवं शुभचिंतकों ने कोच भारत भूषण जोशी को फोन कर बधाई दी और आभार व्यक्त किया।
ज्ञात रहे कि कोच भारत भूषण जोशी के मार्गदर्शन एवं प्रशिक्षण में पीपली अ विद्यालय के खिलाड़ी हर वर्ष विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय एवं क्षेत्र का नाम रोशन कर रहे हैं। भावना मीणा का राज्य स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता के लिए चयन इसी खेल प्रशिक्षण और लगातार बेहतर प्रदर्शन की कड़ी के रूप में सामने आया है।