अजगर रेस्क्यू: सामरूण में मिला 13 फीट लंबा अजगर, सुरक्षित जंगल में छोड़ा
ग्रामीणों ने सूझबूझ दिखाते हुए वन्यजीव विशेषज्ञों को सूचना दी, जिसके बाद टीम ने सुरक्षित रेस्क्यू कर खुनादरी के जंगल में छोड़ा।
सामरूण गांव में रेस्क्यू टीम और ग्रामीणों द्वारा सुरक्षित पकड़ा गया 13 फीट लंबा अजगर।
खेरवाड़ा। ग्राम पंचायत सामरूण के एक गांव में मंगलवार अलसुबह आबादी क्षेत्र में करीब 12 से 13 फीट लंबा विशालकाय अजगर दिखाई देने से हड़कंप मच गया। इतने बड़े अजगर को देखकर ग्रामीणों में कौतूहल और हलचल बढ़ गई। देखते ही देखते मौके पर करीब 100 से 150 लोगों की भीड़ जमा हो गई।
अजगर दिखाई देने पर ग्रामीणों ने घबराने या वन्यजीव को नुकसान पहुंचाने के बजाय सूझबूझ का परिचय दिया। उन्होंने तत्काल स्थानीय वन्यजीव रेस्क्यू विशेषज्ञ मंगलेश्वर खराड़ी और बीरबल खराड़ी को सूचना दी। जानकारी मिलते ही दोनों रेस्क्यू विशेषज्ञ अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और सावधानीपूर्वक अजगर को सुरक्षित पकड़ने की कार्रवाई शुरू की।
रेस्क्यू टीम ने ग्रामीणों के सहयोग से बिना किसी को नुकसान पहुंचाए अजगर को सुरक्षित पकड़ लिया। इसके बाद उसे खुनादरी के घने जंगल में छोड़ दिया गया। अजगर के सुरक्षित रेस्क्यू और प्राकृतिक आवास में छोड़े जाने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
इस दौरान ग्रामीणों और रेस्क्यू टीम ने वन्यजीवों के प्रति संवेदनशीलता और संरक्षण की भावना का परिचय दिया। आबादी क्षेत्र में पहुंचे करीब 12 से 13 फीट लंबे अजगर को बिना नुकसान पहुंचाए सुरक्षित जंगल में छोड़ने की यह पहल क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।