तस्वीर में नयागांव तहसीलदार कार्यालय के बाहर प्रशासक प्रदीप खराड़ी के नेतृत्व में शिक्षा मंत्री के नाम ज्ञापन सौंपते हुए ग्रामीण और अभिभावक नजर आ रहे हैं।

नयागांव उपखंड क्षेत्र के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय झांझरी में लंबे समय से विभिन्न विषयों के शिक्षकों के पद रिक्त होने के कारण विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। विद्यालय में आवश्यक शिक्षकों की नियुक्ति नहीं होने से ग्रामीणों और अभिभावकों में गहरा आक्रोश व्याप्त है।

समस्या के समाधान की मांग को लेकर ग्रामीणों ने प्रशासक प्रदीप खराड़ी के नेतृत्व में शिक्षा मंत्री के नाम नयागांव तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में विद्यालय के रिक्त पदों को शीघ्र भरने की मांग करते हुए कहा गया कि विद्यार्थियों के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

ज्ञापन में बताया गया है कि विद्यालय में स्वीकृत पदों की तुलना में कई महत्वपूर्ण विषयों के शिक्षक उपलब्ध नहीं हैं। वर्तमान में हिंदी, अंग्रेजी, गणित, संस्कृत एवं विज्ञान जैसे विषयों के पद रिक्त होने से विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन का लाभ नहीं मिल पा रहा है। वहीं लिपिक, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी तथा शारीरिक शिक्षक के पद भी लंबे समय से खाली हैं।

ग्रामीणों ने बताया कि विद्यालय में करीब 280 विद्यार्थियों का नामांकन है। बोर्ड कक्षाओं के विद्यार्थियों का भविष्य दांव पर लगा हुआ है, जबकि आसपास के गांवों से लगभग 3 किलोमीटर दूर से आने वाले छात्र-छात्राओं की पढ़ाई भी शिक्षकों की कमी के कारण प्रभावित हो रही है।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि 12 अगस्त 2026 तक रिक्त पदों पर नियुक्तियां नहीं की गईं तो छात्र-छात्राओं, अभिभावकों एवं ग्रामीणों के साथ आंदोलन किया जाएगा तथा विद्यालय के सामने से गुजरने वाले मार्ग को अवरुद्ध किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि इसकी समस्त जिम्मेदारी शिक्षा विभाग की होगी।

ग्रामीणों ने प्रशासन और शिक्षा विभाग से जल्द कार्रवाई कर योग्य शिक्षकों की नियुक्ति सुनिश्चित करने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो जनआंदोलन किया जाएगा तथा विद्यालय पर तालाबंदी जैसे कदम उठाने पड़ सकते हैं, जिसकी समस्त जिम्मेदारी शिक्षा विभाग एवं प्रशासन की होगी।

ग्रामीणों का कहना है कि शिक्षकों की कमी के कारण नियमित अध्ययन प्रभावित हो रहा है, जिससे विद्यार्थियों की शैक्षणिक गुणवत्ता पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। उन्होंने सरकार से इस गंभीर समस्या का तत्काल समाधान कर विद्यालय के रिक्त पदों पर शीघ्र नियुक्तियां सुनिश्चित करने की मांग की है।

Tags: