जयपुर के गायत्री नगर में 108 सदस्यों के साथ शुरू हुई जीव कल्याण योजना, रोज होगा पशु-पक्षियों का संरक्षण
| जयपुर के गायत्री नगर में आचार्य विद्यासागर जी महाराज की प्रेरणा से जीव कल्याण योजना शुरू हुई। 108 सदस्यों की सहमति के बाद दुर्गापुरा गौशाला में पशु-पक्षियों को चारा, दाना और पानी उपलब्ध कराया गया। अब जयपुर में प्रतिदिन सेवा कार्य होंगे।
जयपुर के दिगंबर जैन मंदिर में समाज के सदस्य जीव कल्याण योजना का पोस्टर दिखाते हुए नजर आ रहे हैं।
जयपुर के गायत्री नगर में आचार्य शिरोमणि श्री विद्यासागर जी महाराज की प्रेरणा से जीव कल्याण योजना का शुभारंभ किया गया। 23 नवंबर को श्री दिगंबर जैन मंदिर प्रबंध समिति, गायत्री नगर की ओर से आयोजित कार्यक्रम में मंदिर में अभिषेक और शांतिधारा के बाद जैन समाज के श्रावक-श्राविकाओं की उपस्थिति में योजना के पोस्टर का विमोचन किया गया। मूलनायक भगवान आदिनाथ जी और आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज के जयकारों के साथ योजना की शुरुआत हुई।
जैन समाज के प्रचार संयोजक उदयभान जैन बडजात्या ने बताया कि यह योजना महारानी फार्म, दुर्गापुरा स्थित गायत्री नगर के श्री दिगंबर जैन मंदिर प्रबंध समिति के अध्यक्ष अरुण शाह के नेतृत्व में शुरू की गई है। कार्यक्रम में अरुण शाह ने योजना का संचालन करते हुए कहा कि परम पूज्य आचार्य शिरोमणि श्री विद्यासागर जी महाराज ने भारत में जीव कल्याण के लिए जो कार्य किए और उपकार किए, उन्हें कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने आचार्य श्री से जुड़े अनेक संस्मरण सुनाते हुए योजना का शुभारंभ कराया। उन्होंने बताया कि योजना के लिए अब तक 108 सदस्यों की सहमति प्राप्त हो चुकी है।
योजना के तहत 24 नवंबर को सुबह 8:30 बजे दुर्गापुरा स्थित गौशाला में सेवा कार्य किया गया। इस दौरान पशु-पक्षियों को चारा, दाना और पानी सहित आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई गई। साथ ही घोषणा की गई कि जयपुर महानगर के विभिन्न स्थानों पर प्रतिदिन मूक पशु-पक्षियों के संरक्षण और सेवा के कार्य किए जाएंगे।
कार्यक्रम में राजेश, चैताली बोहरा, अशोक जैन विधानसभा वाले, उदयभान जैन बडजात्या, धूप चन्द शाह, अशोक-शशि जैन मालपुरा वाले, अशोक जैन निवाई वाले, संतोष गंगवाल और सुरेश रघु विहार सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज की प्रेरणा से शुरू की गई इस योजना के माध्यम से जयपुर महानगर में पशु-पक्षियों की नियमित सेवा और संरक्षण के कार्य किए जाएंगे।