खेरवाड़ा तहसील क्षेत्र के जवास (जगरगढ़) स्थित श्री 1008 आदिनाथ दिगंबर जैन मंदिर में 30 अगस्त 2026, रविवार को जिनशासन रक्षक यक्ष-यक्षी प्रतिष्ठापना एवं आदिनाथ निलयम वसतिका के शिलान्यास के अवसर पर भव्य महामहोत्सव का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम प्रातः 7 बजे से प्रारंभ होगा। कार्यक्रम के प्रतिष्ठाचार्य सुधीर जी मातण्ड रहेंगे।

महामहोत्सव को लेकर मंदिर परिसर में विशेष तैयारियां की जा रही हैं। आयोजन के दौरान भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा में स्वर्ण एवं रजत जड़ित रथ, इन्द्र-इन्द्राणी द्वारा विमान तथा सफेद घोड़ों पर जैन ध्वज की पताका आकर्षण का केंद्र रहेगी।

महामहोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं को अति प्राचीन तीर्थ के जीर्णोद्धार में शिला रखने का सौभाग्य भी प्राप्त होगा। आयोजकों के अनुसार इस ऐतिहासिक धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।

आयोजकों ने क्षेत्रवासियों एवं जैन समाज के श्रद्धालुओं से परिवार सहित आयोजन में शामिल होकर धर्मलाभ लेने तथा इस ऐतिहासिक आयोजन को सफल बनाने का आह्वान किया है।

कार्यक्रम का आयोजन आदिनाथ ट्रस्ट मंडल, जवास एवं अखिल भारतवर्षीय दिगंबर जैन युवा परिषद, ऋषभदेव के तत्वावधान में किया जा रहा है। 30 अगस्त को होने वाला यह धार्मिक आयोजन जिनशासन रक्षक यक्ष-यक्षी प्रतिष्ठापना, आदिनाथ निलयम वसतिका के शिलान्यास और अति प्राचीन तीर्थ के जीर्णोद्धार में श्रद्धालुओं की सहभागिता का प्रमुख अवसर रहेगा।

Tags: