गोलोक धाम बनेगा गोवंश का पूर्ण अभयारण्य, आचार्य प्रज्ञा सागर जी ने बताई योजना
निमोडिया के गोलोक धाम को गोवंश के पूर्ण अभयारण्य के रूप में विकसित किया जा रहा है, जहां संरक्षण के साथ आत्मनिर्भर मॉडल पर काम होगा।
जयपुर के निमोडिया स्थित गोलोक धाम में 29 अगस्त को पूज्य आचार्य प्रज्ञा सागर जी महाराज के दर्शन कर परिसर व गौशाला का अवलोकन करते जैन पत्रकार महासंघ के प्रतिनिधि।
जयपुर 30 अगस्त। निमोडिया, चाकसू में नवनिर्मित गोलोक धाम को गोवंश के लिए पूर्ण अभयारण्य के रूप में विकसित किया जा रहा है। परम पूज्य भगवान महावीर तपोभूमि उज्जैन के प्रणेता आचार्य श्री प्रज्ञा सागर जी महाराज की प्रेरणा व आशीर्वाद से विकसित हो रहे इस प्रकल्प का उद्देश्य केवल गौशाला तक सीमित न रहकर गोवंश के पूरे जीवन चक्र और उसके महत्व को समाज तक पहुंचाना है।
आचार्य श्री प्रज्ञा सागर जी महाराज ने कहा कि यह परियोजना केवल एक गौशाला नहीं है, बल्कि गोवंश के लिए पूरे जीवन चक्र और उसके महत्व को समाज तक पहुंचाने का प्रयास है। इसे आत्मनिर्भर मॉडल के रूप में विकसित करने की योजना है। यहां जैविक खेती, गोबर की खाद निर्माण, गोमूत्र आधारित उत्पाद और दूध उत्पादन से संबंधित गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाएगा।
जैन पत्रकार महासंघ के राष्ट्रीय महामंत्री उदयभान जैन ने बताया कि 29 अगस्त को प्रातः 10:00 बजे जैन पत्रकारों का एक प्रतिनिधि मंडल राष्ट्रीय अध्यक्ष रमेश जैन तिजारिया जयपुर के नेतृत्व में जयपुर से गोलोक धाम, निमोडिया पहुंचा। प्रतिनिधि मंडल ने परम पूज्य आचार्य श्री के दर्शन किए, तत्पश्चात श्रीफल चढ़ाया और श्रमण संस्कृति की रक्षा का संकल्प लेकर रक्षा सूत्र बंधवाया।
प्रतिनिधि मंडल ने गोलोक धाम की गौशाला और संपूर्ण परिसर का अवलोकन किया तथा गायों को चारा खिलाया। परिसर की गतिविधियों और निर्माण कार्यों का अवलोकन करने के बाद प्रतिनिधि मंडल ने गोलोक धाम समिति की भूरि-भूरि प्रशंसा की।
इस अवसर पर जैन पत्रकार महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष रमेश जैन तिजारिया ने कहा कि गोलोक धाम सड़क पर भटकने वाली, बीमार और बेसहारा गायों के लिए सुरक्षित स्थान है। उन्होंने कहा कि जैन समाज व संस्थाओं को ऐसे परोपकारी कार्यों में सहयोग कर गोवंश संरक्षण करना चाहिए।
जैन पत्रकार महासंघ के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष दिलीप जैन ने कहा कि आज हम सब का पुण्य है कि ऐसे सुंदर स्थान के दर्शन और अवलोकन का अवसर मिला। उन्होंने बताया कि पूज्य आचार्य श्री द्वारा कराई जा रही पूजा व हवन में शामिल होने के साथ ब्र. दर्शन जी, जो परम पूज्य आचार्य श्री प्रमुख सागर जी महाराज से 1 नवंबर 2026 को तुमकर, कर्नाटक में जिन दीक्षा ले रहे हैं, उनकी गोद भराई रस्म में भी शामिल होने का अवसर मिला।
इस अवसर पर गोलोक धाम सेवा समिति के अध्यक्ष देवेंद्र जैन निमोडिया, छोटा गिरनार, बापूगांव के अध्यक्ष प्रकाश चन्द बाकलीवाल एवं पदाधिकारियों ने उपस्थित सभी पत्रकारों तथा एक दिन के चातुर्मास पुण्यार्जक समाज श्रेष्ठी चेतन जैन केकड़ी परिवार का तिलक, माला, दुपट्टा व साफा पहनाकर सम्मान किया।
प्रतिनिधिमंडल में रमेश जैन तिजारिया, उदयभान जैन, दिलीप जैन, बलवंत राज मेहता, ज्ञानचंद पाटनी, सुरेंद्र कुमार जैन बडजात्या, अरुण जैन, शुभम जैन, अनीष जैन, नीलम जैन दिल्ली और अनीता बडजात्या जयपुर आदि शामिल हुए।
राष्ट्रीय महामंत्री उदयभान जैन ने बताया कि पूज्य आचार्य श्री के सानिध्य में आगामी नवम्बर माह में पत्रकार सम्मेलन रखा जाएगा। उन्होंने बताया कि आचार्य श्री से 30 सितंबर को रायपुर (छत्तीसगढ़) में होने वाले राष्ट्रीय पत्रकार सम्मेलन के लिए भी आशीर्वाद प्राप्त किया। उपस्थित सभी पत्रकारों ने रायपुर राष्ट्रीय सम्मेलन में शामिल होने की सहमति प्रकट की और देश के सभी जैन पत्रकारों से उक्त सम्मेलन में पहुंचने का निवेदन किया।