घासा में वॉलीबॉल प्रतियोगिता के उद्घाटन अवसर पर खिलाड़ी और अतिथि नजर आए।

घासा में श्री चामुंडा माता पशु मेले के तहत स्वर्गीय शंभू सिंह झाला स्मृति 32वीं ओपन वॉलीबॉल प्रतियोगिता का मंगलवार को शुभारंभ हुआ। तहसील कार्यालय परिसर स्थित वॉलीबॉल खेल मैदान पर आयोजित प्रतियोगिता के पहले दिन रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। फतह एकेडमी फतहनगर और थामला की टीमों ने अपने-अपने मुकाबलों में जीत दर्ज कर अगले चरण की ओर कदम बढ़ाए।

प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह में ग्राम पंचायत घासा के सरपंच प्रतिनिधि राहुल वैष्णव और नवगठित ग्राम पंचायत मंडी की मंगरी के सरपंच प्रतिनिधि रामलाल डांगी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों को खेल भावना और अनुशासन के साथ मैदान में उतरने तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की शुभकामनाएं दीं।

प्रतियोगिता का उद्घाटन मुकाबला फतह एकेडमी फतहनगर और नेगड़िया के बीच खेला गया। इसमें फतह एकेडमी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 2-0 से जीत हासिल की। प्रथम राउंड में तारावट की टीम के नहीं पहुंचने पर फतहनगर को वॉकओवर मिला। इसके बाद फतहनगर और घासा तहसील की टीम के बीच कड़ा मुकाबला हुआ, जिसमें फतहनगर ने 2-0 से जीत दर्ज की।

वहीं, सायंकालीन सत्र में मांडक का गुड़ा और थामला के बीच मुकाबला खेला गया। इसमें थामला की टीम ने 2-0 से जीत हासिल की। एक अन्य मुकाबले में फतह एकेडमी ने कल्याण सेवा लक्ष्मणपुरा को 2-0 से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया।

इस अवसर पर प्रतियोगिता सचिव विनोद पुरोहित, संयोजक गणपत सिंह सोडावास, निर्णायक एवं घासा ब्लॉक प्रारंभिक शिक्षा शारीरिक शिक्षक वाकपीठ के सचिव गोपाल मेहता मेनारिया, राजस्थान शारीरिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष गोवर्धन सिंह झाला, माध्यमिक शिक्षा शारीरिक शिक्षक वाकपीठ घासा ब्लॉक अध्यक्ष दिनपाल सिंह सारंगदेवोत, हिम्मत सिंह राव, गजेंद्र सिंह झाला तथा माध्यमिक शिक्षा शारीरिक शिक्षक वाकपीठ राजसमंद के जिलाध्यक्ष प्रहलाद सिंह झाला सहित खेलप्रेमी और गणमान्यजन उपस्थित रहे।

प्रतियोगिता के पहले दिन खेले गए मुकाबलों में फतह एकेडमी फतहनगर और थामला की जीत के साथ टूर्नामेंट का आगाज हुआ। प्रतियोगिता में विभिन्न टीमों के बीच मुकाबलों का सिलसिला जारी है।

Tags: