हाथों-हाथ पेंशन पीपीओ मिलने से भेरा के चेहरे पर खुशी, राशन सेंटर की मांग उठी
खरडिया ग्रामीण सेवा शिविर में भेरा को तुरंत मिला पेंशन पीपीओ, वहीं ग्रामीणों ने 10 किलोमीटर दूर से राशन लाने की समस्या बताकर मांग रखी।
फलासिया के खरडिया गांव में आयोजित शिविर में अधिकारियों द्वारा लाभार्थी को पेंशन पीपीओ सौंपा जा रहा है।
पंचायत समिति फलासिया के ग्राम पंचायत खरडिया में शुक्रवार को आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर में भेरा पिता सवा जाबला को हाथों-हाथ पेंशन का पीपीओ मिलने पर उनके चेहरे पर खुशी छा गई। भेरा ने कहा, "इतनी जल्दी पेंशन हो गई मेरी।" शिविर में ग्रामीणों ने नला बड़ा में राशन सेंटर खोलने की मांग भी रखी।
शिविर का आयोजन शिविर प्रभारी नायब तहसीलदार सत्यनारायण डामोर के नेतृत्व में किया गया। इसमें सह प्रभारी सहायक विकास अधिकारी बाबुलाल महरिया, ब्लॉक सांख्यिकी अधिकारी रमेश टेलर, भाजपा विधानसभा प्रभारी मुकेश माली, सह प्रभारी राजेश जैन, पूर्व सरपंच एवं भाजपा मंडल उपाध्यक्ष रूपलाल वाहिया, वरिष्ठ भाजपा नेता मांगीलाल पारगी, किसान मोर्चा तहसील अध्यक्ष शंकरलाल पटेल, प्रशासक सुखलाल कोपसा, निर्वतमान उप सरपंच बद्रीलाल कटारा, पूर्व उप सरपंच मन्नालाल डूंगरी, पटवारी विष्णु प्रसाद खराडी, समाज कल्याण के कन्हैयालाल चव्हाण, पीईईओ हिरालाल पटेल, ग्राम विकास अधिकारी बाबुलाल वडेरा, कनिष्ठ सहायक प्रेमप्रकाश पारगी, चुन्नीलाल गाडरी सहित 22 विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
ग्रामीण सेवा शिविर में आमजन को विभिन्न सरकारी सेवाओं का लाभ दिया गया। शिविर में नामांतरण के 12, बंटवारे के 2, नवीन पेंशन स्वीकृति के 4, जॉब कार्ड के 35 और नवीन राशन कार्ड के 10 प्रकरणों का निस्तारण किया गया। इसके साथ ही मूल निवास और जाति प्रमाण पत्र भी जारी किए गए।
शिविर के दौरान नला बड़ा में नवीन राशन सेंटर खोलने, खरडिया पटवार मंडल कार्यालय के लिए भूमि आवंटन, बिना नाम की जमीन का आबादी विस्तार सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी गई। ग्रामीणों ने अधिकारियों के समक्ष अपनी समस्याएं और मांगें भी रखीं।
इस दौरान भेरा पिता सवा जाबला को पेंशन स्वीकृति का पीपीओ तुरंत मिलने पर उन्होंने खुशी जताई। वहीं ग्रामीणों ने बताया कि साहब, 10 किलोमीटर दूरी से राशन लाना पड़ता है, इसलिए नला बड़ा में राशन सेंटर खोला जाए। शिविर में सभी वार्ड पंचों सहित सैकड़ों ग्रामीणों ने भाग लिया।