उदयपुर में भाजपा ने पंचायती राज और निकाय चुनावों का फूंका बिगुल, राजेंद्र राठौड़ ने दिए अहम संगठनात्मक निर्देश

उदयपुर में भाजपा उदयपुर देहात की बैठक में राजेंद्र राठौड़ ने पंचायती राज व निकाय चुनावों की तैयारियों, बूथ रणनीति और संगठनात्मक कार्यक्रमों को लेकर अहम निर्देश दिए।

Update: 2026-07-27 14:05 GMT

तस्वीर में (बाएं से दाएं) भाजपा उदयपुर देहात जिलाध्यक्ष पुष्कर तेली, एक अन्य कार्यकर्ता और पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ को एक स्मृति चिह्न भेंट करते हुए दिख रहे हैं।

आगामी पंचायती राज एवं नगरीय निकाय चुनावों तथा संगठनात्मक कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर भाजपा उदयपुर देहात ने सक्रियता तेज कर दी है। इसी क्रम में बलिचा स्थित भाजपा कार्यालय में उदयपुर संभाग के चुनाव प्रभारी एवं पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ ने पार्टी पदाधिकारियों एवं विभिन्न अभियानों के संयोजकों की बैठक लेकर चुनावी तैयारियों और संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक की अध्यक्षता भाजपा उदयपुर देहात जिलाध्यक्ष पुष्कर तेली ने की। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में उदयपुर संभाग के चुनाव प्रभारी राजेंद्र राठौड़ तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में कैबिनेट मंत्री बाबूलाल खराड़ी मौजूद रहे। बैठक के दौरान संत रविदास की 650वीं जयंती वर्ष के अंतर्गत आयोजित होने वाले कार्यक्रमों, तिरंगा यात्रा तथा आगामी पंचायती राज एवं नगरीय निकाय चुनावों की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।

राजेंद्र राठौड़ ने कार्यकर्ताओं से संगठन को सहयोग और समन्वय की भावना के साथ एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं को प्रत्येक बूथ पर विजय के लक्ष्य के साथ पूरी तैयारी करनी होगी तथा केंद्र और राज्य सरकार के विकास कार्यों को जन-जन तक पहुंचाना होगा। उन्होंने कहा कि चुनावों में जमीनी एवं कैडर आधारित कार्यकर्ताओं को उचित अवसर मिलना चाहिए। प्रत्येक पंचायत समिति स्तर पर वरिष्ठ एवं प्रभावी कार्यकर्ताओं की कोर टीम गठित कर सामूहिक निर्णय प्रक्रिया को मजबूत बनाया जाए, ताकि चुनावी रणनीति प्रभावी ढंग से लागू हो सके।

राठौड़ ने कहा कि संत रविदास सामाजिक समरसता, समानता और सेवा के प्रतीक थे। उनकी 650वीं जयंती वर्ष के अवसर पर कार्यकर्ताओं को उनके विचारों तथा केंद्र सरकार द्वारा वर्ष 2014 से दलित एवं पिछड़े वर्गों के कल्याण के लिए संचालित योजनाओं की जानकारी समाज तक पहुंचानी चाहिए।

कैबिनेट मंत्री बाबूलाल खराड़ी ने कहा कि पंचायती राज चुनावों को देखते हुए जनप्रतिनिधियों एवं मंडल से लेकर बूथ स्तर तक के पदाधिकारियों को सक्रिय कर व्यापक जनसंपर्क और माइक्रो मैनेजमेंट के माध्यम से चुनावी तैयारियों में जुटना होगा तथा प्रत्येक बूथ पर भाजपा की जीत सुनिश्चित करने का प्रयास करना होगा।

भाजपा उदयपुर देहात जिलाध्यक्ष पुष्कर तेली ने कहा कि पार्टी "हर कार्यकर्ता के लिए काम और हर काम के लिए कार्यकर्ता" के सूत्र को आधार बनाकर चुनावी कार्ययोजना पर अमल करेगी। उन्होंने कहा कि विजय अभियान में प्रत्येक कार्यकर्ता की भूमिका और जिम्मेदारी सुनिश्चित की जाएगी।

बैठक में भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य डॉ. चंद्रगुप्त सिंह चौहान, पूर्व जिलाध्यक्ष तख्त सिंह शक्तावत, भंवर सिंह पंवार, गोगुंदा विधायक प्रतापलाल गमेती, सलूम्बर विधायक शांता देवी मीणा, खेरवाड़ा विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी नानालाल अहारी, मावली विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी कृष्णगोपाल पालीवाल, धरियावद विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी कन्हैयालाल मीणा, डूंगरपुर जिला संगठन प्रभारी नरेंद्र मीणा, जिला महामंत्री ललित सिंह सिसोदिया, जिला उपाध्यक्ष नरेंद्र सिंह आसोलिया, चंद्रशेखर जोशी, दीपक शर्मा, घनश्याम मेनारिया, सोनल मीणा, शंकर खराड़ी सहित भाजपा के पदाधिकारी, मोर्चा पदाधिकारी एवं विभिन्न अभियानों के संयोजक उपस्थित रहे। बैठक में आगामी चुनावी तैयारियों के साथ संगठनात्मक कार्यक्रमों को बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से क्रियान्वित करने पर विशेष जोर दिया गया।

Tags:    

Similar News