खेरवाड़ा के श्री राम वाटिका में आयोजित पंचायत समिति स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन के दौरान मंच से संबोधन देते पूर्व विधायक नानालाल आहारी और उपस्थित भाजपा नेता।   

खेरवाड़ा में भारतीय जनता पार्टी की पंचायत समिति सदस्य प्रत्याशियों की नामांकन रैली में गुरुवार को बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और ग्रामीण शामिल हुए। रैली से पहले श्री राम वाटिका में आयोजित पंचायत समिति स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन में भाजपा नेताओं ने आगामी पंचायती राज चुनाव में पार्टी प्रत्याशियों को भारी मतों से विजयी बनाकर केंद्र और राज्य सरकार के साथ विकास की कड़ी जोड़ने का आह्वान किया।

सम्मेलन के मुख्य वक्ता क्षेत्र के पूर्व विधायक नानालाल आहारी ने कहा कि केंद्र एवं राज्य में भाजपा की सरकार कार्यरत है। विकास कार्यों को गति देने के लिए कड़ी से कड़ी मजबूत होना जरूरी है, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में विकास को गति मिल सके। उन्होंने आगामी पंचायती राज चुनाव में भाजपा प्रत्याशियों को भारी मतों से विजयी बनाकर विकास की कड़ी जोड़ने और विकास की लहर को अनवरत जारी रखने की अपील की।

क्षेत्र के पूर्व प्रधान अमृतलाल डामोर ने कहा कि भाजपा प्रत्याशियों को विजयी बनाने से क्षेत्र की समस्याओं के समाधान और विकास को प्राथमिकता मिलेगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में विकास की कोई कमी नहीं रहेगी।

कार्यकर्ता सम्मेलन में पंचायत समिति चुनाव संयोजक पारस जैन, भाजपा देहात जिला मंत्री अमित कलाल एवं लक्ष्मी देवी अहारी, देहात जिला प्रकोष्ठ संयोजक जयदीप जैन, खेरवाड़ा मंडल अध्यक्ष हेमंत मेहता और बावलवाड़ा मंडल अध्यक्ष वाल सिंह सहित कई भाजपा नेताओं ने संबोधित किया।

सम्मेलन के बाद श्री राम वाटिका से नामांकन रैली शुरू हुई। रैली कस्बे के मुख्य मार्गों से होती हुई उपखंड कार्यालय पहुंची, जहां भाजपा समर्थित प्रत्याशियों ने निर्वाचन अधिकारी के समक्ष अपने नामांकन पत्र प्रस्तुत किए। रैली का मार्ग में कस्बावासियों ने पुष्पवर्षा और आतिशबाजी के साथ भव्य स्वागत किया। बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों की भागीदारी के बीच आयोजित इस रैली के माध्यम से भाजपा नेताओं ने आगामी पंचायती राज चुनाव में पार्टी प्रत्याशियों की जीत और ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति देने का संदेश दिया।

Tags: