भाजपा ने नगर परिषद चुनावों में पूर्ण विजय का संकल्प लेकर तेज की तैयारियां
सलूंबर नगर परिषद चुनाव 2026 को लेकर भाजपा ने वार्ड स्तर पर रणनीति तेज की, रायशुमारी और टिकट चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी।
तस्वीर में सलूंबर में आयोजित भाजपा की बैठक के दौरान वक्ता और मंच पर मौजूद पदाधिकारी नजर आ रहे हैं।
सलूंबर नगर परिषद चुनाव 2026 को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने चुनावी तैयारियों को तेज करते हुए सभी वार्डों में संगठनात्मक गतिविधियों और रणनीतिक कवायद शुरू कर दी है। सलूंबर के सेवक समाज के नोहरे में भाजपा जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर जोशी, जिला संगठन प्रभारी मुकेश रावत, निकाय चुनाव प्रभारी तख्त सिंह शक्तावत, सह प्रभारी अतुल चण्डालिया और मंडल अध्यक्ष विजेश भलवाड़ा ने वार्ड प्रभारी, वार्ड संयोजक, पार्टी के प्रमुख पदाधिकारियों, शक्ति केंद्र संयोजकों और बूथ अध्यक्षों की बैठक ली। बैठक में आगामी चुनावी कार्ययोजना को लेकर निर्देश दिए गए और सुनिश्चित विजय के लिए कार्यकर्ताओं से जुट जाने का आह्वान किया गया।
सभी वार्डों में रायशुमारी और टिकट चयन की तैयारी
चुनाव में धरातल पर मतदाताओं की नब्ज टटोलने, कार्यकर्ताओं और आम जनता से सर्वे के आधार पर रायशुमारी करने तथा टिकट के लिए पैनल तैयार करने के उद्देश्य से जिलाध्यक्ष और निकाय चुनाव प्रभारी ने सभी वार्डों में प्रभारी एवं संयोजक नियुक्त किए हैं। उन्हें सभी वार्डों में बैठकें लेने के निर्देश दिए गए हैं। इसके बाद गुरुवार को ही सभी वार्ड प्रभारियों ने वार्डों में पगफेरा शुरू कर दिया।
निकाय चुनाव प्रभारी तख्त सिंह शक्तावत ने कहा कि अंतिम वोट डाले जाने तक कार्यकर्ताओं और वार्डों की चुनाव प्रबंधन टोली को मेहनत में कोई कमी नहीं आने देनी है। उन्होंने कहा कि प्रत्याशी कमल का फूल होगा और पार्टी कैडर बेस, जनता के लिए समर्पित भाव से कार्य करने वाले, सक्रिय, निष्ठावान और जिताऊ कार्यकर्ता को प्रदेश द्वारा तय गाइडलाइन के अनुसार टिकट देगी। कई स्तरों पर फिल्टर और फिट होने के बाद ही टिकट का चयन किया जाएगा।
निकाय सह प्रभारी अतुल चण्डालिया ने कहा कि भाजपा राजनीति से ऊपर राष्ट्रनीति रखती है। भाजपा का कार्यकर्ता राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ काम करता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सभी छोटी-मोटी बातों को भुलाकर एकजुट और एकमुखी होकर चुनावी मैदान में उतरने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि हर आकांक्षी कार्यकर्ता का आवेदन प्रदेश चयन समिति को भेजा जाएगा।
भाजपा सलूंबर जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर जोशी ने कहा कि पिछले 5 सालों के नगर परिषद के कांग्रेस कार्यकाल में विकास अवरुद्ध हुआ। उन्होंने कहा कि 30 सालों में भाजपा के बोर्डों के कार्यकाल में सलूंबर की नई तस्वीर बनने लगी थी, लेकिन उस विकास पर ब्रेक लग गया। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार है और कड़ी से कड़ी जोड़ते हुए सलूंबर को विकसित बनाने की दिशा में आगे बढ़ना है।
जोशी ने कहा कि बूथ स्तर पर माइक्रो मैनेजमेंट और कार्यकर्ता का परिश्रम विजय का मंत्र है। उन्होंने चुनाव में संगठन की जमीनी सक्रियता और कार्यकर्ताओं की मेहनत पर जोर दिया।
बैठक में प्रधान दुर्गाप्रसाद मीणा, जिला उपाध्यक्ष सोनल मीणा, जिला मंत्री करण सिंह पवार, भूरा भाई पटेल, पूर्व जिला महामंत्री कैलाश गांधी, मंडल प्रतिनिधि वेणी राम सुथार, चुनाव संयोजक प्रकाश जैन, सह संयोजक कमल बाहेती, नेता प्रतिपक्ष प्रभुलाल जैन, डा लव व्यास, जयेश चौबीसा और नरेंद्र सुथार समेत भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
भाजपा ने वार्ड स्तर पर प्रभारी और संयोजक नियुक्त कर रायशुमारी की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अब चुनावी रणनीति के साथ टिकट चयन और बूथ स्तर के माइक्रो मैनेजमेंट पर संगठन का फोकस रहेगा।