तस्वीर में नयागांव क्षेत्र के राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय के विद्यार्थी स्कूल ड्रेस पहने हुए और अपने हाथों में जूतों के नए बॉक्स उठाए हुए नजर आ रहे हैं।

उपखंड नयागांव क्षेत्र के राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय में गुरुवार को भामाशाहों के सहयोग से राहत एवं प्रोत्साहन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कक्षा 1 से 5वीं तक के 110 जरूरतमंद विद्यार्थियों को निःशुल्क स्कूल जूते वितरित किए गए।

संस्थाप्रधान अशोक कुमार नायक ने बताया कि खराड़ीवाडा (पहाड़ा) निवासी भामाशाह शैलेष खराड़ी के सौजन्य से विद्यार्थियों को स्कूल जूते उपलब्ध कराए गए। वहीं विद्यालय में डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रमेश पुत्र भीखा कलाल, वजिया बंजारा एवं महेश गरासिया ने संयुक्त रूप से विद्यालय को लैपटॉप भेंट करने की घोषणा की।

कार्यक्रम में भामाशाह राकेश रावल ने भी आगामी दिनों में कक्षा 6 से 8वीं तक अध्ययनरत 100 विद्यार्थियों को जूते उपलब्ध कराने की घोषणा की। विद्यालय परिवार ने सभी भामाशाहों का आभार व्यक्त करते हुए उनके सहयोग को विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायी बताया।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों को आवश्यक शैक्षणिक सुविधा उपलब्ध कराने के साथ डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में भी सहयोग की घोषणाएं की गईं। इस अवसर पर विद्यार्थी एवं अतिथि पदवेश के साथ उपस्थित रहे।


Tags: