सिंधु जल संधि और चिनाब नदी पर बन रहे किरू बांध को लेकर अफगान सोशल यूजर्स ने पाकिस्तानी सेना की धमकियों पर सवाल उठाए हैं।

भारत और पाकिस्तान के बीच सिंधु जल संधि (IWT) को लेकर लंबे समय से गंभीर विवाद चल रहा है। पाकिस्तान लगातार यह धमकी दे रहा है कि अगर भारत की तरफ से उसका पानी रोका गया तो वह इसे युद्ध की घोषणा मानेगा। वहीं दूसरी तरफ भारत ने अपना रुख बेहद सख्त और स्पष्ट कर रखा है कि वह इस संधि पर अपने फैसले को किसी भी कीमत पर नहीं बदलेगा और नदियों पर अपनी परियोजनाओं का काम जारी रखेगा।

अफगान यूजर्स ने उड़ाया पाकिस्तानी सेना का मजाक

इस पूरे जल विवाद के बीच अब अफगानिस्तान के सोशल मीडिया यूजर्स की तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं। अफगान यूजर्स ने पाकिस्तानी सेना और उसके प्रमुख असीम मुनीर द्वारा भारत को दी जाने वाली युद्ध की धमकियों का जमकर मजाक उड़ाया है। सोशल मीडिया यूजर बुरहानुद्दीन ने चिनाब नदी पर भारत द्वारा बनाए जा रहे किरू बांध का एक वीडियो शेयर करते हुए तंज कसा। उन्होंने लिखा कि जो पाकिस्तानी सेना यह दावा करती थी कि पानी रोकने पर वे सांसें रोक देंगे और नदियों में खून बहा देंगे, वे अब कहां गायब हैं? उन्होंने कहा कि भारत किरू बांध बनाकर चिनाब नदी के बहाव को नियंत्रित कर रहा है और रन-ऑफ-द-रिवर सुरंगों का इस्तेमाल कर रहा है, जिससे पाकिस्तान जाने वाले पानी में और कमी आ जाएगी।

चिनाब पर किरू हाइड्रो प्रोजेक्ट की चर्चा और पाकिस्तान की चिंता

चिनाब नदी पर भारत की किरू जलविद्युत परियोजना इस समय सोशल मीडिया पर लगातार चर्चा का विषय बनी हुई है। जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में चिनाब नदी पर 624 मेगावाट की इस महत्वाकांक्षी परियोजना का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है, जो लगभग 80 प्रतिशत तक पूरा हो चुका है। इस प्रोजेक्ट के इसी साल के अंत तक चालू होने की उम्मीद जताई जा रही है।

जैसे-जैसे यह प्रोजेक्ट पूरा होने के करीब पहुंच रहा है, पाकिस्तान की तरफ जाने वाले पानी के निचले बहाव (डाउनस्ट्रीम फ्लो) में रुकावट आने की संभावना बढ़ गई है। इसको लेकर आम पाकिस्तानी नागरिकों और सोशल मीडिया यूजर्स में भारी चिंता देखी जा रही है, जबकि कई लोग पाकिस्तान सरकार की खोखली धमकियों पर सवाल उठा रहे हैं।

पहलगाम हमले के बाद भारत ने निलंबित की 1960 की संधि

गौरतलब है कि अप्रैल 2025 में कश्मीर के पहलगाम में एक बड़ा आतंकी हमला हुआ था। भारत ने इस हमले के लिए पाकिस्तान से आए आतंकियों को जिम्मेदार ठहराते हुए कड़ा रुख अपनाया और वर्ष 1960 में हुई सिंधु जल संधि (IWT) को स्थगित करने का ऐतिहासिक फैसला लिया। यह संधि भारत और पाकिस्तान के बीच छह प्रमुख नदियों के पानी के बंटवारे को तय करती है।

भारत के इस कड़े कदम के बाद से ही पाकिस्तान पर गहरे जल संकट का खतरा मंडरा रहा है। घबराए पाकिस्तान ने संयुक्त राष्ट्र (UN) से लेकर कई अंतरराष्ट्रीय मंचों पर इस मुद्दे को उठाया है।

किशनगंगा और रातले प्रोजेक्ट पर पाकिस्तान की आपत्ति

पाकिस्तान का आरोप है कि भारत द्वारा चिनाब और उसकी सहायक नदियों पर बनाए जा रहे बांध व सुरंगें उसकी ओर आने वाले पानी को रोक देंगे। उसने भारत की 'किशनगंगा' और 'रातले' हाइड्रोइलेक्ट्रिक परियोजनाओं पर भी सवाल उठाए हैं और इन्हें रोकने के लिए बार-बार युद्ध की गीदड़भभकी दी है। हालांकि, भारत सरकार ने पूरी तरह से साफ कर दिया है कि वह संधि को बहाल नहीं करेगी और अपनी सीमाओं के भीतर बांधों व परियोजनाओं का निर्माण कार्य बिना रुके जारी रखेगी।