कोलकाता के गारिया में सार्थक सरकार की हत्या के मामले में पुलिस ने उसकी प्रेमिका संचालिका बसु और उसकी मां को गिरफ्तार किया है।

पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के गारिया इलाके में एक दर्दनाक मामला सामने आया है, जहाँ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे सॉफ्टवेयर इंजीनियर सार्थक सरकार की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। सार्थक साल्ट लेक के सेक्टर-5 स्थित एक कंपनी में कार्यरत था और गारिया में अपनी लिव-इन पार्टनर संचालिका बसु के साथ किराए के फ्लैट में रहता था। शनिवार रात पुलिस ने फ्लैट से उसका शव बरामद किया। सार्थक मूल रूप से उत्तर 24 परगना जिले के बारासात का रहने वाला था, जबकि संचालिका बसु टेक्नो इंडिया इंस्टीट्यूट की छात्रा बताई जा रही है।

मामूली विवाद या कोई गहरी साजिश?

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक शनिवार रात सार्थक और संचालिका के बीच किसी बात पर कहासुनी हो गई थी। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि संचालिका ने कथित तौर पर एक धारदार हथियार से सार्थक के कंधे पर जोरदार वार कर दिया। घर के अंदर से चीखने-चिल्लाने की आवाजें सुनकर आसपास के पड़ोसी तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने खून से लथपथ सार्थक को संभाला और अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

आरोपी प्रेमिका और माँ गिरफ्तार

वारदात की शुरुआती जांच-पड़ताल के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी प्रेमिका संचालिका बसु को हिरासत में ले लिया। इस हत्याकांड में संलिप्तता के संदेह के आधार पर पुलिस ने उसकी माँ मौमिता बसु को भी गिरफ्तार कर लिया है। जांचकर्ताओं को यह अंदेशा है कि इस खूनी खेल में संचालिका की माँ की भी कोई न कोई भूमिका हो सकती है। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ करने की तैयारी कर रही है।

पुलिस जांच में जुटी

दोनों के बीच इस जानलेवा विवाद की असली वजह क्या थी, यह बात अभी तक पूरी तरह साफ नहीं हो सकी है। पुलिस हर पहलू से मामले की गहराई से जांच कर रही है कि क्या यह वारदात सिर्फ आपसी झगड़े का नतीजा थी या इसके पीछे कोई और वजह छिपी है। इसके साथ ही इस वारदात में प्रेमिका की माँ की असल भूमिका क्या थी, पुलिस इसकी भी बारीक जांच कर रही है ताकि सच्चाई सामने आ सके।