मध्य प्रदेश के कटनी और सिवनी में दीपावली की रात हुए भीषण अग्निकांड के बाद राहत कार्य और दमकल गाड़ियां मौके पर तैनात नजर आ रही हैं।

दीपावली का त्योहार जहाँ देशभर में दीपों की रोशनी और खुशियों के साथ मनाया जा रहा था, वहीं मध्य प्रदेश के अलग-अलग जिलों से आए भीषण हादसों ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया। त्योहार की रात कटनी, सिवनी, उज्जैन और उमरिया में हुए अग्निकांडों व सड़क हादसों में 14 से अधिक लोगों की मौत हो गई। दीपावली की खुशियों के बीच अचानक हुए इन हादसों में कई परिवार उजाड़ गए। अचानक भड़की आग और हादसों के बाद पूरे प्रदेश में शोक की लहर दौड़ गई है।

कटनी में क्रॉकरी दुकान और तीन मंजिला मकान जलकर खाक, 6 की मौत

कटनी जिले के बरही कस्बे में जिला मुख्यालय से लगभग 55 किलोमीटर दूर दीपावली की रात करीब 11:30 बजे एक भीषण अग्निकांड हुआ। यहाँ पूरन अग्रवाल और रितेश अग्रवाल की क्रॉकरी दुकान में अचानक तेज आग भड़क उठी। दुकान के ठीक ऊपर स्थित तीन मंजिला मकान में परिवार के सभी सदस्य गहरी नींद में सो रहे थे। देखते ही देखते आग और धुएं का गुबार इतनी तेजी से फैला कि अंदर सो रहे लोगों को बाहर निकलने का कोई मौका तक नहीं मिल सका। इस दर्दनाक हादसे में दो बुजुर्गों, एक महिला और तीन मासूम बच्चों समेत परिवार के 6 सदस्यों की जान चली गई, जबकि एक पुरुष और एक महिला किसी तरह अपनी जान बचाकर बाहर निकलने में सफल रहे। नगर परिषद बरही, विजयराघवगढ़, कैमोर और कटनी नगर निगम की दमकल गाड़ियों ने लगभग 5 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

सिवनी के छपारा में सर्राफा व्यापारी के मकान में आग, 6 लोगों ने तोड़ा दम

दूसरी बड़ी घटना सिवनी जिले के छपारा कस्बे से सामने आई। यहाँ के महावीर वार्ड स्थित जैन मोहल्ले में जाने-माने सर्राफा व्यापारी कुंदन सोनी के तीन मंजिला मकान में सोमवार तड़के करीब 3 बजे अचानक आग लग गई। त्योहार का जश्न मनाने के बाद जब पूरा इलाका सो रहा था, तब मकान की निचली मंजिल से उठी लपटों ने पूरे घर को घेर लिया। घटना के समय घर के अंदर 10 लोग मौजूद थे। स्थानीय लोगों और दमकल की टीम ने तुरंत तत्परता दिखाते हुए 4 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन आग में झुलसने और दम घुटने के कारण परिवार के 6 सदस्यों (4 महिलाओं और 2 पुरुषों) की दर्दनाक मौत हो गई। फिलहाल प्रशासन इस बात की बारीक पड़ताल में जुटा है कि यह हादसा शॉर्ट सर्किट की वजह से हुआ या फिर जलते दीये की चिंगारी से। इस दुखद हादसे पर मुख्यमंत्री मोहन यादव ने गहरा शोक जताया है और मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता राशि देने की घोषणा की है।

उज्जैन में हार्डवेयर दुकान सह मकान में आग, इलाज के दौरान बुजुर्ग की मौत

उज्जैन के नागझिरी चौराहे पर स्थित सोयाबीन प्लांट के सामने रविवार रात एक मकान और उससे सटी हार्डवेयर दुकान में अचानक आग लग गई। इस भयंकर अग्निकांड में दुकान में रखा लाखों रुपये का कीमती सामान जलकर राख हो गया। घटना की सूचना मिलते ही छह से ज्यादा फायर ब्रिगेड की गाड़ियां और कलेक्टर समेत तमाम प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। मकान के अंदर फंसे एक बुजुर्ग को पुलिस और स्थानीय निवासियों ने काफी प्रयासों के बाद बाहर निकाला और 108 एंबुलेंस की मदद से चरक अस्पताल पहुंचाया, जहाँ इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

उमरिया-शहपुरा मार्ग पर सड़क दुर्घटना में युवक की मौत

अग्निकांड के अलावा सड़क हादसे ने भी त्योहार के दिन एक परिवार की खुशियां छीन लीं। उमरिया जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले उमरिया-शहपुरा मार्ग पर दीपावली की रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में ग्राम बसाड़ी के रहने वाले 24 वर्षीय युवक जितेंद्र सिंह की मौत हो गई, जबकि एक अन्य मोटरसाइकिल सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस और राहत दल ने 108 एंबुलेंस की मदद से घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया।