जयपुर में अनोखी दिवाली: आसमान में रंग-बिरंगी आकृतियां और बर्फ की सुंदर प्रतिमाओं का नजारा देख हैरान रह गए लोग|
जयपुर की अमर जवान ज्योति पर दिवाली की रात आतिशबाजी और बर्फ से बनी आकर्षक प्रतिमाओं का अनूठा नजारा देखने को मिला।
जयपुर की अमर जवान ज्योति पर दीपावली के अवसर पर आयोजित विशेष फायर शो और बर्फ की प्रतिमाओं के प्रदर्शन के दौरान आसमान में आतिशबाजी होती नजर आ रही है।
दीपावली के पावन अवसर पर गुलाबी नगरी जयपुर की प्रसिद्ध अमर जवान ज्योति पर एक बेहद आकर्षक और जादुई नजारा देखने को मिला। दीपावली की रात यहाँ विशेष लाइटिंग और भव्य सजावट की गई, जिसने हर किसी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगाते परिसर को देखने के लिए बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और पर्यटक अमर जवान ज्योति पहुंचे, जिससे दीपोत्सव का जश्न और भी खास हो गया।
फायर शो और बर्फ की प्रतिमाओं का संगम
अमर जवान ज्योति पर आयोजित विशेष 'फायर शो' इस पूरे कार्यक्रम में आकर्षण का मुख्य केंद्र रहा। आतिशबाजी के दौरान आसमान में रोशनी के जरिए एक से बढ़कर एक रंग-बिरंगी कलाकृतियां बनाई गईं, जिन्हें देखकर वहां मौजूद दर्शक रोमांचित हो उठे। इसके साथ ही कार्यक्रम स्थल पर बर्फ से तराशी गई 10 फीट ऊंची आकर्षक प्रतिमाएं स्थापित की गई थीं। बर्फ की इन मूर्तियों की कलात्मक बनावट और अनूठे अंदाज ने लोगों का दिल जीत लिया। आग की रोशनी और बर्फ की मूर्तियों के इस अनोखे संगम को लोगों ने अपने मोबाइल कैमरों में खूब कैद किया।
जेडीए और नगर निगम का संयुक्त प्रयास
जयपुर नगर निगम के आयुक्त ओम कसेरा ने बताया कि राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की मंशा इस बार की दीपावली को जयपुरवासियों के लिए यादगार बनाने की थी। मुख्यमंत्री की इसी सोच को ध्यान में रखते हुए जयपुर विकास प्राधिकरण (JDA) और नगर निगम ने मिलकर इस भव्य आयोजन का खाका तैयार किया था। रोशनी, आतिशबाजी और बर्फ की प्रतिमाओं के इस सुंदर आयोजन ने राजधानी जयपुर में दीपोत्सव के माहौल में चार चांद लगा दिए।