हल्द्वानी में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर नीतू बिष्ट के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग, मां काली का रूप धरकर रील बनाने पर हुआ विवाद|
सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर नीतू बिष्ट द्वारा हल्द्वानी के बाजार में मां काली का स्वरूप धारण कर रील बनाने पर हिंदू संगठनों ने धार्मिक भावनाएं आहत होने का आरोप लगाया है।
हल्द्वानी के बाजार में मां काली का रूप धारण कर रील बनाती हुई सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर नीतू बिष्ट।
उत्तराखंड के नैनीताल जिले के हल्द्वानी में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर नीतू बिष्ट द्वारा मां काली का रूप धारण कर बाजार में रील बनाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। इस मामले को लेकर विभिन्न हिंदू संगठनों ने कड़ी आपत्ति दर्ज कराई है। कुछ संगठनों के कार्यकर्ताओं ने कोतवाली के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया और इस वीडियो को धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाला बताते हुए नीतू बिष्ट के खिलाफ एफआईआर (FIR) दर्ज करने की मांग की है। इसके संबंध में पुलिस को एक शिकायती पत्र भी सौंपा गया है।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रही इस रील में नीतू बिष्ट मां काली का स्वरूप धारण कर सार्वजनिक रूप से बाजार में घूमती हुई नजर आ रही हैं। इस दौरान वह कुछ छोटे बच्चों से बात करती हुई और उन्हें नमस्ते करने को कहते हुए दिखती हैं, साथ ही बच्चे के न डरने की बात भी कर रही हैं। विवाद तब और बढ़ गया जब वीडियो में नीतू इसी स्वरूप में मोमोज खाती हुई नजर आईं, जिसके बाद से जमकर बवाल मचा हुआ है।
हिंदू संगठनों का आरोप है कि नवरात्रि के पवित्र दिनों में मां काली का रूप धारण करके इस तरह बाजार में घूमना और वीडियो बनाना उनके पवित्र स्वरूप को आपत्तिजनक व विकृत तरीके से प्रस्तुत करता है। कार्यकर्ताओं ने इसे पब्लिसिटी स्टंट बताते हुए धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला कृत्य करार दिया है। साथ ही, शिकायतकर्ताओं ने संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की है और चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई, तो हिंदू समाज उग्र आंदोलन करेगा।
गौरतलब है कि नीतू बिष्ट एक जानी-मानी सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर, मॉडल और व्लॉगर हैं। वह यूट्यूब और इंस्टाग्राम समेत कई डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर बेहद सक्रिय रहती हैं तथा अपने डेली व्लॉग्स के साथ-साथ शॉर्ट्स और रील्स भी बनाती हैं, और उनके लाखों की संख्या में फॉलोअर्स हैं।