दिल्ली में प्रदर्शन के दौरान कॉकरोच जनता पार्टी के नेता सौरव दास और आशुतोष रांका पुलिस हिरासत के समय|

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेता सौरव दास और आशुतोष रांका को दिल्ली पुलिस ने एक बार फिर हिरासत में ले लिया है। ये दोनों नेता अपने कई साथियों के साथ राष्ट्रीय राजधानी के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने के लिए पहुंचे थे। इस दौरान उनके साथ मौजूद कई अन्य लोग और युवा मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर जमकर नारेबाजी कर रहे थे।

जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान दिल्ली पुलिस की टीम ने सौरव दास और आशुतोष रांका को उनके साथियों के साथ डिटेन कर लिया। इस पूरी कार्रवाई और हिरासत में लिए जाने का एक वीडियो CJP नेता सौरव दास ने खुद अपने सोशल मीडिया अकाउंट के जरिए शेयर किया है। सामने आए इस वीडियो में सौरव दास अपने साथियों के साथ 'इंकलाब जिंदाबाद' और 'भारत माता की जय' के नारे लगाते हुए साफ नजर आ रहे हैं। प्रदर्शन कर रहे ये युवा मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की लगातार मांग कर रहे थे।

हिरासत में लिए जाने से ठीक पहले सोशल मीडिया पर साझा किए गए अपने पोस्ट और वीडियो में सौरव दास ने कहा कि वे जंतर-मंतर पहुंच चुके हैं और अब उन्हें पुलिस द्वारा हिरासत में लिया जा रहा है। उन्होंने इसे सभी युवाओं के लिए एक संदेश बताते हुए कहा कि वे ऐसा कर सकते हैं और साथ ही यह भी कहा कि "ज्ञानू, अब तुम्हारा खेल खत्म।"

बता दें कि इससे पहले दिल्ली पुलिस ने 10 अक्टूबर को भी आशुतोष रांका और सौरव दास को डिटेन किया था। उस कार्रवाई के दौरान उनके साथ सीजेपी फाउंडर अभिजीत दिपके भी मौजूद थे। वे तीनों एक विरोध प्रदर्शन में शामिल होने के लिए फ्लाइट से मुंबई से दिल्ली पहुंचे थे, लेकिन दिल्ली पुलिस ने अभिजीत दिपके, सौरव दास और आशुतोष रांका तीनों को विमान से उतरने नहीं दिया था। फ्लाइट से रोके जाने और गिरफ्तारी के उस घटनाक्रम का वीडियो भी सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ था।

इसके बाद पुलिस ने उन तीनों को हिरासत में लेकर दिल्ली में एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया था, जहां से उन्हें इस शर्त पर सशर्त जमानत मिली थी कि वे अगले एक साल तक पूरी तरह शांति बनाए रखेंगे। उस जमानत की शर्त में यह साफ निर्देश भी दिया गया था कि यदि एक साल के भीतर ये तीनों नियमों का उल्लंघन करते हैं, तो उनके खिलाफ दोबारा कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।