टोंक में पीएम मोदी के 25 साल की सेवा पर सेवा ज्योति यात्रा, मशाल से हुआ शुभारंभ
टोंक में अग्रवाल धर्मशाला से निकाली गई सेवा ज्योति यात्रा, भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्र सेवा के 25 वर्ष पूरे होने पर सुना संबोधन।
टोंक जिला मुख्यालय स्थित अग्रवाल धर्मशाला में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्र सेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित विकसित भारत संकल्प यात्रा एवं सेवा ज्योति कार्यक्रम के दौरान मौजूद जनप्रतिनिधि और आमजन।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्र सेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर टोंक जिला मुख्यालय स्थित अग्रवाल धर्मशाला में विकसित भारत संकल्प यात्रा एवं सेवा ज्योति कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला प्रभारी मंत्री हीरालाल नागर, भाजपा जिलाध्यक्ष चन्द्रवीर सिंह चौहान, विधायक अनीता भदेल, विधायक रामसहाय वर्मा, पूर्व सांसद सुखबीर सिंह जौनापुरिया और प्रदेश मंत्री अपूर्वा सिंह सहित भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं आमजन मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का सीधा प्रसारण किया गया। भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ताओं और आमजन ने प्रधानमंत्री का संबोधन सुना। इसके बाद अग्रवाल धर्मशाला से मशाल ज्योति जलाकर सेवा ज्योति यात्रा का शुभारंभ किया गया।
सेवा ज्योति यात्रा अग्रवाल धर्मशाला से रवाना होकर बड़ा कुआं और पंच बत्ती होते हुए घंटाघर पहुंची। इसके बाद यात्रा भाजपा कार्यालय पहुंची।
मीडिया से बातचीत में जिला प्रभारी मंत्री हीरालाल नागर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा के 25 वर्ष पूर्ण हुए हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
हीरालाल नागर ने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से संचालित योजनाओं का उद्देश्य आमजन, गरीब और मजदूर वर्ग को लाभ पहुंचाना और उन्हें मजबूत बनाना है। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन के सीधे प्रसारण के साथ सेवा ज्योति यात्रा के माध्यम से उनके राष्ट्र सेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने का अवसर मनाया गया।