सीएम भजनलाल शर्मा पहुंचे टोंक के डिग्गी, श्री कल्याण मंदिर में की पूजा
राजस्थान के मुख्यमंत्री ने डिग्गी पहुंचकर श्री कल्याण महाराज के दर्शन किए और अग्रवाल सेवा सदन में कार्यकर्ताओं से संवाद किया।
टोंक के डिग्गी में श्री कल्याण महाराज मंदिर में पूजा-अर्चना करते मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा व अन्य।
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा बुधवार को मालपुरा-टोंक क्षेत्र के डिग्गी पहुंचे, जहां उन्होंने श्री कल्याण महाराज के मंदिर में विधिवत दर्शन कर प्रदेशवासियों की खुशहाली, सुख-समृद्धि और उन्नति की कामना की। मुख्यमंत्री के आगमन पर जनप्रतिनिधियों ने उनका स्वागत किया। दर्शन के बाद मुख्यमंत्री अग्रवाल सेवा सदन पहुंचे, जहां उनका स्वागत-सम्मान किया गया और वे भाजपा कार्यकर्ताओं से संवाद कर रहे हैं।
डिग्गी पहुंचने पर हेलीपेड पर जलदाय मंत्री कन्हैयालाल चौधरी और डिग्गी नगरपालिका अध्यक्ष अरविंद शर्मा ने मुख्यमंत्री की अगवानी की। वहीं, निवाई विधायक रामसहाय वर्मा और देवली विधायक राजेंद्र गुर्जर ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया।
हेलीपेड पर स्वागत के बाद मुख्यमंत्री सीधे श्री कल्याण महाराज के मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने विधिवत दर्शन किए और प्रदेशवासियों की खुशहाली, सुख-समृद्धि तथा उन्नति के लिए प्रार्थना की। मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए हेलीपेड से मंदिर तक के मार्ग पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए। जिला पुलिस अधीक्षक रोशन मीणा सहित पुलिस के आला अधिकारी सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभाले रहे।
मंदिर में दर्शन के बाद मुख्यमंत्री अग्रवाल सेवा सदन परिसर पहुंचे, जहां उनका स्वागत और सम्मान किया गया। कैबिनेट मंत्री कन्हैयालाल चौधरी और नगरपालिका अध्यक्ष अरविंद शर्मा ने तलवार भेंट कर तथा साफा पहनाकर मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया।
इस दौरान जलदाय मंत्री कन्हैयालाल चौधरी ने मुख्यमंत्री के डिग्गी आगमन पर आभार जताया। उन्होंने कहा कि कल्याण महाराज की कृपा रही तो क्षेत्र की सभी जिला परिषद और पंचायत समिति सीटों पर जीत हासिल करेंगे।
स्वागत-सम्मान कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भाजपा कार्यकर्ताओं से संवाद कर रहे हैं। उनके डिग्गी दौरे को लेकर स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह नजर आया। श्री कल्याण महाराज के दर्शन और अग्रवाल सेवा सदन में कार्यकर्ताओं से संवाद मुख्यमंत्री के इस दौरे के प्रमुख कार्यक्रम रहे।