सिरोही: युवा विरासत महोत्सव को लेकर पोस्टर जारी, होंगे कई आयोजन
पंडित जवाहरलाल नेहरू और इंदिरा गांधी की जयंती पर 14 से 19 नवंबर तक विभिन्न प्रतियोगिताएं और वीडियो प्रदर्शन होंगे आयोजित।
सिरोही में युवा विरासत महोत्सव को लेकर पोस्टर विमोचन कार्यक्रम के दौरान मौजूद कांग्रेस नेता।
सिरोही। युवाओं को इतिहास, विचार और लोकतांत्रिक संवाद से जोड़ने के उद्देश्य से राजस्थान युवा कांग्रेस की ओर से आयोजित होने वाले युवा विरासत महोत्सव को लेकर सिरोही में पोस्टर विमोचन कार्यक्रम आयोजित किया गया। शीर्ष नेतृत्व के निर्देशानुसार आयोजित इस महोत्सव के तहत पंडित जवाहरलाल नेहरू एवं पूर्व प्रधानमंत्री श्रीमती इंदिरा गांधी की जयंती के अवसर पर 14 से 19 नवंबर तक विभिन्न कार्यक्रम होंगे।
महोत्सव के दौरान पोस्टर विमोचन के साथ निबंध एवं भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इसके अलावा पंडित जवाहरलाल नेहरू और इंदिरा गांधी के जीवन, विचारों एवं योगदान पर आधारित वीडियो प्रदर्शन भी किया जाएगा। इन गतिविधियों के माध्यम से युवाओं को कला, विचार, इतिहास और संवाद के लिए साझा मंच उपलब्ध कराने की योजना है।
राजस्थान युवा कांग्रेस ने प्रदेश के प्रत्येक जिले में चार दिनों तक प्रतिदिन 10 स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित करने की रूपरेखा तैयार की है। इस अभियान के तहत प्रदेशभर में कुल 40 आयोजनों का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
पोस्टर विमोचन कार्यक्रम में यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष निकेश रावल, सीबी टांक, मयूर सिंह देवड़ा सहित कई कांग्रेस नेता मौजूद रहे। युवा विरासत महोत्सव के माध्यम से युवाओं को देश के प्रमुख राजनीतिक व्यक्तित्वों के जीवन और योगदान से जोड़ने के साथ विभिन्न रचनात्मक एवं वैचारिक गतिविधियों में भागीदारी का अवसर मिलेगा।