सिरोही जिले की भावरी ग्राम पंचायत के नवनिर्वाचित सरपंच ललित बंसल ने पदभार ग्रहण से पहले धन्यवाद रैली निकाली।

सिरोही जिले की सबसे बड़ी ग्राम पंचायत भावरी के नवनिर्वाचित सरपंच ललित बंसल ने सोमवार को विधिवत पदभार ग्रहण किया। 1507 वोटों के ऐतिहासिक अंतर से जीत दर्ज करने के बाद उन्होंने धन्यवाद एवं आभार रैली निकालकर ग्रामीणों के प्रति आभार व्यक्त किया। रैली के साथ ग्राम पंचायत पहुंचे ललित बंसल के पदभार ग्रहण समारोह में बड़ी संख्या में समर्थक, जनप्रतिनिधि और विभिन्न समाजों के लोग मौजूद रहे।

पदभार ग्रहण करने से पहले सरपंच ललित बंसल ने अपने पिता रामलाल बंसल को सरपंच की कुर्सी पर बिठाया और उनका आशीर्वाद लिया। इसके बाद पिता के आशीर्वाद के साथ उन्होंने सरपंच पद की जिम्मेदारी संभाली। समारोह के दौरान पिता को कुर्सी पर बिठाकर आशीर्वाद लेने का यह भावुक पल लोगों के आकर्षण का केंद्र रहा।

गौरतलब है कि सरपंच चुनाव में ललित बंसल ने भावरी पंचायत समिति क्षेत्र में सबसे बड़े अंतर से जीत दर्ज की थी। उन्होंने 1507 वोटों से विजय हासिल कर ऐतिहासिक जीत दर्ज की। इस जीत के बाद पदभार ग्रहण समारोह को लेकर समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिला।

समारोह में व्यापार मंडल अध्यक्ष मनोज अग्रवाल, उपसरपंच मुश्ताक अहमद नागौरी, जितेंद्र बंसल सहित विभिन्न समाजों के लोग उपस्थित रहे। ग्राम विकास अधिकारी जितेंद्र सिंह और सभी निर्वाचित वार्ड सदस्यों की मौजूदगी में पदभार ग्रहण की प्रक्रिया संपन्न हुई।

पदभार ग्रहण करने के साथ ही भावरी ग्राम पंचायत में विकास कार्यों को गति देने और ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान को लेकर उम्मीदें बढ़ गई हैं। सरपंच ललित बंसल ने ग्रामीणों के विश्वास और समर्थन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए पंचायत की जिम्मेदारियों को पूरी निष्ठा से निभाने का संकल्प लिया।

Tags: