नक्की झील में मछलियों की मौत से हरकत में आया प्रशासन, ऑक्सीजन की कमी दूर करने के लिए सुझाए उपाय
| माउंट आबू की नक्की झील में मृत मछलियां मिलने के बाद नगर पालिका प्रशासन सक्रिय हुआ। अध्यक्ष सुनील आचार्य ने मत्स्य अधिकारियों से चर्चा की। ऑक्सीजन की कमी दूर करने के लिए कृषि चूने के छिड़काव और वाटर फाउंटेन लगाने के सुझाव दिए गए।
माउंट आबू स्थित नक्की झील के पास खड़े होकर निरीक्षण करते नगर पालिका और मत्स्य विभाग के अधिकारी।
माउंट आबू। पर्यटन नगरी माउंट आबू की पहचान और शहर की जीवनरेखा मानी जाने वाली नक्की झील में मृत मछलियां मिलने की घटना के बाद नगर पालिका प्रशासन सक्रिय हो गया है। झील में मछलियों की मौत को गंभीरता से लेते हुए नगर पालिका अध्यक्ष सुनील आचार्य ने तत्काल संज्ञान लिया और घटना के कारणों का पता लगाने के साथ भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक प्रयास शुरू किए हैं।
इसी क्रम में नगर पालिका अध्यक्ष सुनील आचार्य ने जिला मत्स्य अधिकारी डॉ. शुभम वार्ष्णेय को मौके पर बुलाया। अधिकारियों ने झील की मौजूदा स्थिति का जायजा लिया और मछलियों की मौत के संभावित कारणों के साथ उनके संरक्षण के उपायों पर विस्तार से चर्चा की।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, झील के ओवरफ्लो क्षेत्र में नौकायन नहीं होने और किसी अन्य प्रकार की गतिविधि का अभाव रहने से पानी स्थिर रहता है। इसके कारण पानी में ऑक्सीजन की मात्रा काफी कम हो जाती है। जिला मत्स्य अधिकारी डॉ. शुभम वार्ष्णेय ने भी प्रारंभिक तौर पर पानी में ऑक्सीजन की कमी को मछलियों की मौत का संभावित कारण माना और इसके समाधान के लिए कई सुझाव दिए।
डॉ. वार्ष्णेय ने नक्की झील में एग्रीकल्चर लाइम यानी कृषि चूने का छिड़काव करने की सलाह दी। इसके अलावा पानी में ऑक्सीजन का स्तर बेहतर बनाए रखने के लिए वाटर फाउंटेन लगाने का सुझाव दिया। इससे पानी में हलचल पैदा होगी और वायु के संपर्क में आने से ऑक्सीजन का स्तर बढ़ाने में मदद मिल सकती है।
वहीं, मामले के स्थायी समाधान और आवश्यक तकनीकी सहयोग को लेकर नगर पालिका अध्यक्ष सुनील आचार्य ने मत्स्य विभाग की निर्देशक संचिता बिश्नोई से भी फोन पर बातचीत की। उन्होंने उन्हें नक्की झील में मछलियों की मौत की घटना से अवगत कराया और आगे की कार्रवाई पर चर्चा की।
इस दौरान नगर पालिका आयुक्त त्रिकमदान चारण, जिला मत्स्य अधिकारी डॉ. शुभम वार्ष्णेय, नगर पालिका के एईएन ललित भारद्वाज सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
नक्की झील माउंट आबू का प्रमुख पर्यटन केंद्र होने के साथ ही आबूराज की पहचान भी है। झील में मछलियों की मौत की घटना ने उसके पर्यावरण और जलीय जीवों के संरक्षण का मुद्दा सामने ला दिया है। ऐसे में झील की जल गुणवत्ता बनाए रखना और जलीय जीवों की सुरक्षा सुनिश्चित करना नगर पालिका प्रशासन के लिए महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।