संविधान दिवस पर सवाई माधोपुर में होगा विकसित भारत युवा संवाद, नशामुक्ति पर भी चर्चा
| संविधान दिवस पर सवाई माधोपुर के सरस्वती कॉलेज, कुस्तला में विकसित भारत युवा संवाद आयोजित होगा। चेतन शर्मा, अरबाज खान और शिफत खान युवाओं से विकसित भारत@2047, संवैधानिक मूल्यों और नशामुक्त भारत के निर्माण पर संवाद करेंगे।
संविधान दिवस के अवसर पर सवाई माधोपुर के कुस्तला स्थित सरस्वती कॉलेज में विकसित भारत युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के मेरा युवा भारत केंद्र सवाई माधोपुर की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में युवाओं को विकसित भारत@2047 के संकल्प, संवैधानिक मूल्यों और नशामुक्त समाज के निर्माण में उनकी भूमिका के बारे में जागरूक किया जाएगा।
कार्यक्रम का मुख्य विषय “विकसित भारत@2047” रखा गया है। इसके माध्यम से युवाओं को भारत की विकास यात्रा, वर्ष 2047 तक देश को विकसित राष्ट्र बनाने की परिकल्पना और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका से अवगत कराया जाएगा। यह आयोजन देशभर के 30 से अधिक राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों के 600 से अधिक जिलों में 500 से अधिक विधि महाविद्यालयों में संचालित की जा रही राष्ट्रव्यापी पहल का हिस्सा है।
कार्यक्रम के दौरान मंत्रालय की ओर से नामित यूथ आइकॉन चेतन शर्मा युवाओं को विकसित भारत@2047 की परिकल्पना के साथ गरीबी उन्मूलन, सामाजिक-आर्थिक परिवर्तन और स्वस्थ, सशक्त एवं नशामुक्त समाज के निर्माण की आवश्यकता पर जानकारी देंगे। इस दौरान नशे की बढ़ती समस्या से व्यक्ति, परिवार और समाज पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों पर भी चर्चा होगी। साथ ही नशामुक्त भारत के निर्माण में युवाओं की जिम्मेदारी और उनकी सक्रिय भूमिका को रेखांकित किया जाएगा।
संविधान दिवस के महत्व को ध्यान में रखते हुए कार्यक्रम में भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन भी किया जाएगा। इसके अलावा राष्ट्रीय खिलाड़ी एवं स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया के कोच अरबाज खान तथा सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर शिफत खान अपने अनुभव युवाओं के साथ साझा करेंगे।
कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को अपनी क्षमताओं को पहचानने, सकारात्मक बदलाव का वाहक बनने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने के लिए प्रेरित करना है। विकसित भारत@2047 के लक्ष्य के साथ संवैधानिक मूल्यों और नशामुक्त समाज के निर्माण पर केंद्रित यह संवाद युवाओं की भागीदारी को प्रमुखता देगा।