गौ माता को राष्ट्र माता घोषित करने की मांग, 31 लाख हस्ताक्षरों के साथ जयपुर पहुंचेंगे गौ सेवक
| गौ माता को राष्ट्र माता घोषित करने और गौ हत्या कानून लागू करने की मांग को लेकर गौ माता सम्मान आह्वान अभियान शुरू होगा। गो रथ से गांव-ढाणियों में प्रचार और 31 लाख हस्ताक्षर जुटाने के बाद 17 दिसंबर 2026 को जयपुर में मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा जाएगा।
गौ माता सम्मान आह्वान अभियान के प्रचार-प्रसार के लिए गो रथ का उद्घाटन किया गया। अभियान के तहत 17 दिसंबर 2026 को राजस्थान की राजधानी जयपुर में प्रदेशभर के गौ सेवक और गौ भक्त हस्ताक्षरों के साथ मुख्यमंत्री राजस्थान सरकार को ज्ञापन सौंपेंगे। ज्ञापन के माध्यम से गौ माता को राष्ट्र माता घोषित करने और गौ हत्या पर प्रतिबंध लगाने के लिए कानून लागू करने की मांग की जाएगी।
गौ माता सम्मान आह्वान अभियान के जिला प्रभारी एवं गौ सेवा समिति के जिलाध्यक्ष गोविंद नारायण शर्मा ने बताया कि अभियान के प्रचार-प्रसार के लिए तैयार किए गए गो रथ के माध्यम से बुधवार से जनसंपर्क अभियान शुरू किया जाएगा। यह रथ जिले की सभी ग्राम पंचायतों और गांव-ढाणियों में पहुंचकर गौ माता सम्मान अभियान का प्रचार करेगा। साथ ही गौ माता की महिमा का बखान करते हुए हस्ताक्षर अभियान को गति प्रदान करेगा।
गोविंद नारायण शर्मा ने बताया कि अभियान के तहत जिलेभर से 31 लाख हस्ताक्षर जुटाने का लक्ष्य रखा गया है। इन हस्ताक्षरों के साथ 17 दिसंबर 2026 को जयपुर पहुंचकर मुख्यमंत्री को ज्ञापन प्रस्तुत किया जाएगा। इसके लिए जिले के सभी हिंदू धर्म प्रेमियों से अधिक से अधिक संख्या में हस्ताक्षर अभियान में भागीदारी करने का आह्वान किया गया है।
उन्होंने बताया कि 17 दिसंबर को जयपुर जाने के लिए बसों और निजी वाहनों के माध्यम से रवानगी की जाएगी। गौ सेवकों और गौ भक्तों से अधिक से अधिक संख्या में अभियान में शामिल होकर राष्ट्र निर्माण में सहयोग प्रदान करने की अपील की गई है। अभियान के माध्यम से गौ माता को राष्ट्र माता घोषित करने और गौ हत्या के खिलाफ कानून लागू करने की मांग को लेकर प्रदेश स्तर पर हस्ताक्षर जुटाए जा रहे हैं।