पालीघाट में रेडियो टैग लगे 20 घड़ियाल शावकों को चम्बल नदी के प्राकृतिक आवास में छोड़ते वन अधिकारी।

सवाई माधोपुर, 24 नवम्बर। चम्बल नदी में घड़ियालों के संरक्षण और उनके प्राकृतिक जीवन पर वैज्ञानिक अनुसंधान को नई दिशा देने के लिए वन विभाग ने बड़ी पहल की है। राष्ट्रीय चम्बल घड़ियाल अभयारण्य के पालीघाट में मंगलवार को 20 घड़ियाल हैचलिंग्स (नवजात शावकों) को रेडियो वीएचएफ (वेरी हाई फ्रीक्वेंसी) टैग लगाकर उनके प्राकृतिक आवास में छोड़ा गया। इस वैज्ञानिक पुनर्वास अभियान के तहत इस वर्ष तीन चरणों में कुल 80 घड़ियालों की टैगिंग कर उन्हें चम्बल नदी में पुनर्स्थापित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

मुख्य वन्यजीव प्रतिपालक के.सी.ए. अरुण प्रसाद ने इन हैचलिंग्स को नदी में छोड़ा। इस अवसर पर मुख्य वन संरक्षक, वन्यजीव एवं क्षेत्र निदेशक रणथम्भौर बाघ परियोजना शारदा प्रताप सिंह, उप वन संरक्षक एवं उप क्षेत्र निदेशक मानस सिंह, सहायक वन संरक्षक पालीघाट अजय कुमार सहित वन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

मुख्य वन संरक्षक शारदा प्रताप सिंह ने बताया कि घड़ियाल पारिस्थितिकी परियोजना के तहत संरक्षण की यह पहल की जा रही है। इस वर्ष तीन चरणों में कुल 80 घड़ियालों की टैगिंग और पुनर्वास का लक्ष्य रखा गया है। पहले चरण में मंगलवार को 20 हैचलिंग्स को प्राकृतिक आवास में छोड़ा गया है, जबकि शेष हैचलिंग्स को फरवरी माह के अंत तक चम्बल नदी में पुनर्स्थापित किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि घड़ियालों को नदी में छोड़ने के बाद रेडियो टेलीमेट्री तकनीक के माध्यम से उनकी गतिविधियों और व्यवहार पर नजर रखी जाएगी। इसके तहत उनके विचरण क्षेत्र, प्राकृतिक आवास में अनुकूलन और उत्तरजीविता का वैज्ञानिक अध्ययन किया जाएगा। इस निगरानी से घड़ियालों के जीवन-चक्र और चम्बल नदी की पारिस्थितिकी को समझने में मदद मिलेगी। साथ ही, भविष्य में संरक्षण के लिए अधिक प्रभावी कार्ययोजना तैयार की जा सकेगी।

शारदा प्रताप सिंह के अनुसार, रेडियो वीएचएफ टैगिंग से घड़ियालों के प्राकृतिक जीवन और आवासीय व्यवहार का अध्ययन संभव होगा। इससे चम्बल नदी की जैव विविधता तथा पारिस्थितिक संतुलन बनाए रखने के प्रयासों को मजबूती मिलेगी।

वैज्ञानिक देखरेख में किया गया हैचलिंग्स का पालन-पोषण

उप वन संरक्षक मानस सिंह ने बताया कि नवजात घड़ियालों को शुरुआती अवस्था में कई तरह की प्राकृतिक चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। तेज जल प्रवाह, बाढ़, जंगली जानवरों और मछली पकड़ने के जाल से उन्हें सुरक्षित रखने के लिए पालीघाट स्थित रेयरिंग सेंटर में वैज्ञानिक पद्धति से उनका पालन-पोषण किया गया।

हैचलिंग्स को अलग-अलग सुरक्षित केबिन में रखा गया। उनके प्राकृतिक व्यवहार को बनाए रखने के उद्देश्य से भोजन में जीवित मछलियां दी गईं। पर्याप्त विकास होने और 75 सेंटीमीटर से अधिक लंबाई प्राप्त करने के बाद अब उन्हें दोबारा प्राकृतिक आवास में छोड़ा जा रहा है।

आधुनिक सुविधाओं से विकसित किया जा रहा रेयरिंग सेंटर

राजस्थान वानिकी एवं जैव विविधता विकास परियोजना के तहत पालीघाट स्थित घड़ियाल रेयरिंग सेंटर को आधुनिक सुविधाओं से विकसित किया जा रहा है। यहां विशेष एनक्लोजर, बास्किंग प्लेटफॉर्म, जल फिल्ट्रेशन एवं पम्पिंग सिस्टम और सीसीटीवी निगरानी जैसी व्यवस्थाएं तैयार की जा रही हैं। इन सुविधाओं का उद्देश्य घड़ियालों के शावकों की सुरक्षा, देखरेख और वैज्ञानिक निगरानी को बेहतर बनाना है।

वन विभाग ने आमजन से चम्बल नदी में कचरा और प्लास्टिक नहीं डालने, घड़ियालों के प्रजनन स्थलों से दूरी बनाए रखने तथा वन्यजीवों के प्राकृतिक आवास में अनावश्यक हस्तक्षेप नहीं करने की अपील की है।

इस अवसर पर सहायक वन संरक्षक दिनेश जांगिड़, क्षेत्रीय वन अधिकारी पालीघाट किशन सांखला, परियोजना विशेषज्ञ जैलाब्दीन सहित वन विभाग के कार्मिक उपस्थित रहे।

Tags: