जिले के राजकीय माध्यमिक शिक्षा विभाग के विद्यालयों में रिक्त स्वीकृत शिक्षकीय पदों पर अब ‘विद्या संबल योजना’ के प्रथम चरण के तहत पात्र अभ्यर्थियों को गेस्ट फैकल्टी के रूप में अस्थायी नियुक्ति दी जाएगी। इसका उद्देश्य विद्यालयों की शिक्षण व्यवस्था को सुदृढ़ करना और विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक सहयोग उपलब्ध कराना है। इस संबंध में मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी समग्र शिक्षा सवाई माधोपुर देवी लाल मीणा ने आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि योजना के तहत केवल विद्यालयों में स्वीकृत एवं स्पष्ट रूप से रिक्त पदों पर ही गेस्ट फैकल्टी की नियुक्ति की जाएगी। इसके लिए सेवानिवृत्त शिक्षक तथा पात्र निजी अभ्यर्थी आवेदन कर सकेंगे। सेवानिवृत्त शिक्षक संबंधित पद की न्यूनतम वांछित शैक्षणिक योग्यता रखते होने पर अधिकतम 65 वर्ष की आयु तक पात्र होंगे। अंग्रेजी माध्यम के विद्यालयों में भाषा विषयों को छोड़कर अन्य विषयों के लिए संबंधित पद एवं विषय की न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता अंग्रेजी माध्यम में होना अनिवार्य रहेगा।

विद्यालयवार रिक्तियों का प्रकाशन संबंधित विद्यालय/पीईईओ के नोटिस बोर्ड, सार्वजनिक स्थानों तथा जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय एवं विभागीय वेबसाइट पर किया जाएगा। पात्र अभ्यर्थियों को निर्धारित प्रपत्र में आवेदन पत्र एवं आवश्यक दस्तावेज संबंधित विद्यालय के प्रधानाचार्य/पीईईओ को 1 सितंबर से 7 सितंबर 2026 दोपहर 12 बजे तक व्यक्तिगत रूप से प्रस्तुत करना होगा।

प्राप्त आवेदनों की जांच के बाद पद एवं विषयवार वरीयता सूची तैयार की जाएगी। वरीयता निर्धारण में न्यूनतम वांछित शैक्षणिक योग्यता के प्राप्तांकों का 75 प्रतिशत तथा व्यावसायिक शैक्षणिक योग्यता के प्राप्तांकों का 25 प्रतिशत भारांक रहेगा। सेवानिवृत्त कार्मिकों को प्राथमिकता दी जाएगी। गेस्ट फैकल्टी चयन के लिए किसी प्रकार का साक्षात्कार आयोजित नहीं किया जाएगा।

योजना के तहत कक्षा 11 एवं 12 के अध्यापक पद के लिए 400 रुपये प्रति घंटा, अधिकतम 30 हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय निर्धारित है। चयनित अभ्यर्थियों की सेवाएं पूर्णतः अस्थायी रहेंगी और सत्रांत 31 मार्च 2027 अथवा नियमित नियुक्ति होने तक, जो पहले हो, प्रभावी रहेंगी।

चयन प्रक्रिया के लिए विद्यालय स्तर पर चयन समिति का गठन एवं रिक्तियों का प्रकाशन 31 अगस्त को किया जाएगा। आवेदन 1 से 7 सितंबर तक लिए जाएंगे। प्राप्त आवेदनों की सूची 8 सितंबर को जारी होगी। अस्थायी वरीयता सूची एवं आपत्तियों की प्रक्रिया 9 से 10 सितंबर तक चलेगी। अंतिम वरीयता सूची एवं चयन सूची 11 सितंबर को जारी की जाएगी। चयनित अभ्यर्थियों के आवेदन संबंधित मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी कार्यालय में 12 सितंबर तथा जिला कार्यालय में 13 सितंबर तक भेजे जाएंगे। जिला स्तरीय समिति द्वारा चयन सूची का अनुमोदन एवं आदेश जारी करने की प्रक्रिया 15 सितंबर 2026 को निर्धारित है।

मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी देवी लाल मीणा ने संबंधित विद्यालयों एवं अधिकारियों को निर्धारित समय-सारणी के अनुसार प्रक्रिया पूरी करने तथा पारदर्शिता के साथ पात्र अभ्यर्थियों को अवसर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। योजना से संबंधित पात्रता अथवा वरीयता के संबंध में आपत्ति संबंधित जिले के मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में निर्धारित अवधि में प्रस्तुत की जा सकेगी। योजना के माध्यम से रिक्त स्वीकृत शिक्षकीय पदों पर अस्थायी शैक्षणिक सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया निर्धारित समय-सारणी के अनुसार आगे बढ़ेगी।

Tags: