नामांकन में तेज हुई चुनावी हलचल, दो दिन में 305 अभ्यर्थियों ने दाखिल किए 417 नामांकन
सवाई माधोपुर में नगरीय निकाय चुनाव के नामांकन में तेजी, दो दिनों में 305 अभ्यर्थियों ने 417 नामांकन दाखिल किए।
सवाई माधोपुर जिले में नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 को लेकर नामांकन प्रक्रिया के साथ चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है। जिले की दो नगर परिषद एवं चार नगरपालिकाओं के 215 वार्डों में चुनाव के लिए शनिवार, 29 अगस्त को 294 अभ्यर्थियों ने 404 नामांकन पत्र प्रस्तुत किए। लोक सूचना जारी होने से अब तक कुल 305 अभ्यर्थियों द्वारा 417 नामांकन पत्र दाखिल किए जा चुके हैं।
राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के तहत नामांकन प्रक्रिया जारी है। जिला निर्वाचन अधिकारी काना राम ने बताया कि अब तक नगर परिषद सवाई माधोपुर में 55 अभ्यर्थियों ने 73 नामांकन पत्र, नगर परिषद गंगापुर सिटी में 143 अभ्यर्थियों ने 218 नामांकन पत्र, नगरपालिका बामनवास में 11 अभ्यर्थियों ने 13 नामांकन पत्र, नगरपालिका वजीरपुर में 34 अभ्यर्थियों ने 44 नामांकन पत्र, नगरपालिका बौंली में 20 अभ्यर्थियों ने 23 नामांकन पत्र तथा नगरपालिका खण्डार में 42 अभ्यर्थियों ने 46 नामांकन पत्र प्रस्तुत किए हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी के अनुसार नामांकन पत्र प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 31 अगस्त 2026 निर्धारित है। 1 सितम्बर को नामांकन पत्रों की संवीक्षा होगी, जबकि 3 सितम्बर को सायं 3 बजे तक अभ्यर्थिता वापस ली जा सकती है। 4 सितम्बर को चुनाव चिन्हों का आवंटन किया जाएगा।
निर्धारित चुनाव कार्यक्रम के अनुसार 9 सितम्बर को प्रथम चरण का मतदान तथा 11 सितम्बर को द्वितीय चरण का मतदान प्रातः 7 बजे से सायं 6 बजे तक होगा। इसके बाद 14 सितम्बर को मतगणना की जाएगी। नामांकन के दूसरे दिन बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों द्वारा नामांकन पत्र प्रस्तुत किए जाने से जिले में नगरीय निकाय चुनाव की प्रक्रिया ने गति पकड़ ली है।