तस्वीर में माय भारत केंद्र के युवा स्वयंसेवक 'स्वच्छता पखवाड़ा' का बैनर पकड़े हुए और जमीन पर सफाई व श्रमदान करते नजर आ रहे हैं।

युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के माय भारत केंद्र के स्वयंसेवकों ने जिला कलेक्टर कानाराम के मार्गदर्शन में स्वच्छता पखवाड़े के तहत जिले के विभिन्न हिस्सों में स्वच्छता श्रमदान, जागरूकता संगोष्ठी, दीवार पेंटिंग, चित्रकला प्रतियोगिता, शपथ ग्रहण और विधिक सेवा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए।

इसी कड़ी में शहीद कैप्टन रिपुदमन सिंह स्मारक पर चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई। कार्यक्रम का आयोजन श्री देव युवा मंडल रईथा खुर्द के अध्यक्ष राजेश गुर्जर ने किया। प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण से संबंधित आकर्षक चित्र बनाकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान दीपेश वर्मा, द्वितीय स्थान मस्तराम मीना तथा तृतीय स्थान वंशिका एवं अनामिका ने प्राप्त किया। विजेता प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र, टीशर्ट एवं मेडल देकर सम्मानित किया गया।

इसी तरह माय भारत युवा मंडल बहतेड के अध्यक्ष शिफ़ाअत खान के नेतृत्व में मलारना डूंगर में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसका उद्देश्य युवाओं में पर्यावरण संरक्षण, सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता तथा सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति जागरूकता विकसित करना था। कार्यक्रम की शुरुआत शिक्षाविद जितेंद्र गोयल द्वारा दिलाई गई स्वच्छता शपथ से हुई। उपस्थित युवाओं एवं स्वयंसेवकों ने सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने तथा स्वच्छता के प्रति समाज में जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।

इसके साथ युवाओं ने वृक्षारोपण भी किया। आयोजित संगोष्ठी में स्वच्छता को केवल अभियान तक सीमित न रखते हुए इसे दैनिक जीवन की आदत एवं जिम्मेदारी बनाने पर जोर दिया गया। इसके पश्चात स्वयंसेवकों एवं युवाओं ने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मलारना डूंगर परिसर में स्वच्छता श्रमदान किया। प्रतिभागियों ने परिसर की साफ-सफाई कर स्वच्छता एवं राष्ट्र सेवा का संदेश दिया।

इस अवसर पर गवर्नमेंट कॉलेज मलारना डूंगर के प्रोफेसर हैदर सैफुल्लाह एवं अखिल सिंह मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान स्वच्छता जागरूकता से संबंधित दीवार पेंटिंग भी बनाई गई। इसी के साथ पेरा लीगल वालंटियर द्वारा विधिक सेवा जागरूकता पर मार्गदर्शन दिया गया।

माय भारत के स्वयंसेवकों ने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बहरावंडा खुर्द में भी स्वच्छता जागरूकता एवं श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किया। स्वामी विवेकानंद युवा मंडल के अध्यक्ष अनुभव सेन एवं शिक्षाविद हितेन्द्र जैन के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में स्वयंसेवकों एवं युवाओं ने विद्यालय परिसर में स्वच्छता श्रमदान किया। प्रतिभागियों ने परिसर की साफ-सफाई कर स्वच्छता, विधिक सेवा एवं राष्ट्र सेवा का संदेश दिया।

इस अवसर पर रीना राठौर, संजीव चौधरी, रवि राठौर, मयंक सेन सहित क्षेत्र के अनेक युवा उपस्थित रहे। माय भारत के इस कार्यक्रम के माध्यम से गांव-गांव, ढाणी-ढाणी युवाओं को स्वच्छता की जनभागीदारी एवं सामाजिक जिम्मेदारी से जोड़ने तथा स्वच्छ एवं स्वस्थ भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संदेश दिया गया।

Tags: