नगरीय निकाय चुनाव 2026: सवाई माधोपुर में प्रशिक्षण कार्यक्रम तय, 18 अगस्त से शुरुआत
सवाई माधोपुर में नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के लिए चरणबद्ध प्रशिक्षण कार्यक्रम जारी हुआ है। 18 से 20 अगस्त तक मतदान दलों का प्रशिक्षण होगा, जबकि जॉनल मजिस्ट्रेट, आईटी, ईवीएम और अन्य दलों को भी प्रशिक्षण मिलेगा।
सवाई माधोपुर में नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 की तैयारियों को लेकर निर्वाचन कार्य से जुड़े अधिकारियों एवं कार्मिकों के चरणबद्ध प्रशिक्षण का कार्यक्रम निर्धारित कर दिया गया है। राज्य निर्वाचन आयोग, राजस्थान के निर्देशानुसार जिले में चुनाव को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं सुचारू रूप से संपन्न कराने के उद्देश्य से विभिन्न श्रेणियों के कार्मिकों को उनकी जिम्मेदारियों के अनुरूप व्यवहारिक एवं तकनीकी प्रशिक्षण दिया जाएगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव बुडानिया के अनुसार मतदान दलों में नियुक्त कार्मिकों का प्रथम प्रशिक्षण 18 से 20 अगस्त तक शहीद कैप्टन रिपुदमन सिंह राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय साउथ ब्लॉक सवाई माधोपुर में आयोजित होगा। प्रशिक्षण प्रतिदिन दो पारियों में किया जाएगा।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 19 अगस्त को सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार से संबंधित कार्मिकों, 21 अगस्त को जॉनल मजिस्ट्रेटों तथा 22 अगस्त को ईवीएम तैयार करने वाले कार्मिकों का प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा। चुनाव कार्यक्रम घोषित होने के बाद वीडियोग्राफर्स, मतगणना दलों तथा मतदान दलों के द्वितीय प्रशिक्षण एवं रवानगी का कार्यक्रम भी निर्धारित किया जाएगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि सभी प्रशिक्षण कार्यक्रमों में निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप व्यवहारिक अभ्यास पर विशेष जोर दिया जाएगा। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि प्रत्येक अधिकारी एवं कार्मिक अपने निर्धारित दायित्वों का दक्षता, पारदर्शिता एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन कर सके।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सभी प्रशिक्षण निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार समय पर आयोजित किए जाएं तथा निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े प्रत्येक कार्मिक को आयोग के दिशा-निर्देशों की समुचित जानकारी उपलब्ध कराई जाए। चरणबद्ध प्रशिक्षण के माध्यम से नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के सफल, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण संचालन के लिए निर्वाचन तैयारियों को मजबूत किया जाएगा।