तस्वीर में बाईं ओर एक अधिकारी पोडियम से संबोधित कर रहे हैं और उनके पास मेज पर छह लोग बैठे हैं, जिनके पीछे स्काउट सेमिनार का बैनर लगा है।

राजस्थान राज्य भारत स्काउट गाइड मंडल भरतपुर की ओर से शहीद कैप्टन रिपुदमन राजकीय महाविद्यालय सवाई माधोपुर में महाविद्यालय प्राचार्य एवं प्रभारी रोवर लीडर, रेंजर लीडर सेमिनार आयोजित किया गया। सेमिनार में महाविद्यालयों में रोवर स्काउट, रेंजर गाइड गतिविधियों को अनिवार्य रूप से संचालित करने पर जोर दिया गया।

सहायक राज्य संगठन आयुक्त स्काउट गिरिराज गर्ग ने कहा कि महाविद्यालयों में रोवर स्काउट, रेंजर गाइड गतिविधि अनिवार्य रूप से संचालित हो। उन्होंने कहा कि स्काउट गाइड प्रवृत्ति नन्हीं उम्र के बालक-बालिकाओं से लेकर युवा युवतियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण प्रवृत्ति है। उन्होंने रोवर स्काउट रेंजर गाइड प्रवृत्ति के संचालन की जानकारी दी।

प्राचार्य डॉ. धीरेन्द्र सिंह ने स्काउटिंग गाइडिंग, एनएसएस और एनसीसी गतिविधियों को सेवाभावी संगठन बताते हुए महाविद्यालय के विकास कार्यों में इनके महत्वपूर्ण योगदान की बात कही। प्राचार्य डॉ. ऋषि कुमार शर्मा ने कहा कि स्काउटिंग गाइडिंग सेवा, संस्कार और समर्पण की भावना से कार्य करते हुए युवा वर्ग में नवाचार के माध्यम से कार्य करने की प्रेरणा देती हैं।

सहायक कमिश्नर डॉ. सत्यनारायण गर्ग, प्राचार्य डॉ. गोपाल सिंह और प्रोफेसर सुरेश चंद्र मीणा ने कहा कि रोवर रेंजर इकाई के सक्रिय संचालन से महाविद्यालय में युवाओं को अनुशासन और सेवा भावना मिलती है। उन्होंने सामुदायिक सेवा एवं समाज सेवा में स्काउट गाइड की भूमिका की प्रशंसा की।

सेमिनार में स्काउट गाइड अंतरराष्ट्रीय संगठन की गतिविधियों के बारे में जानकारी देते हुए 15 से 25 आयु वर्ग के युवाओं को रोवर रेंजर इकाई की शिक्षा प्रदान करने की बात कही गई। सी.ओ. स्काउट करौली अनिल गुप्ता और सी.ओ. गाइड दिव्या ने महाविद्यालय तथा स्वतंत्र इकाई ग्रुप के रूप में रोवर रेंजर की आयु अनुसार स्काउटिंग गाइडिंग, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता अभियान, इको क्लब और माय लाइफ की विभिन्न गतिविधियों एवं आयामों की जानकारी दी।

इस अवसर पर डॉ. ऋषि शर्मा, रामराज मीणा, डॉ. एस.एम. जाट, प्रो रश्मि, प्रो. भारती मीना, सचिव स्थानीय संघ महेश चंद्र, ट्रेनिंग काउंसलर दिनेश चंद सिंघल, विष्णु कुमार गोयल, महावीर जैन, नीतू साहू, नीतू वर्मा, वसुंधरा मीणा, रोवर लीडर, रेंजर लीडर प्रभारी सहायक आचार्यगण सम्मिलित हुए।

Tags: