सवाई माधोपुर में बोर्ड परीक्षा परिणाम सुधार की विद्यालयवार समीक्षा, दो माह में होगी प्रगति की निगरानी
सवाई माधोपुर में बोर्ड परिणाम सुधार को लेकर विद्यालयवार समीक्षा हुई। नियमित उपस्थिति, साप्ताहिक टेस्ट और पुराने प्रश्नपत्रों पर जोर दिया गया।
सवाई माधोपुर में सत्र 2025-26 के बोर्ड परीक्षा परिणामों की समीक्षा और सत्र 2026-27 में कक्षा 5, 8, 10 एवं 12 के परीक्षा परिणामों में गुणवत्तापूर्ण उन्नयन को लेकर शुक्रवार को राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, मानटाउन में बैठक आयोजित हुई। जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक दिनेश कुमार गुप्ता की अध्यक्षता में हुई बैठक में न्यून परीक्षा परिणाम वाले विद्यालयों की स्थिति की समीक्षा करते हुए विद्यालयवार कार्ययोजना तैयार करने पर जोर दिया गया।
बैठक में न्यून परीक्षा परिणाम के कारणों, शिक्षकों की उपलब्धता, शैक्षिक व्यवस्था, पाठ्यक्रम पूर्ण कराने, अतिरिक्त कक्षाओं, विषय विशेषज्ञ शिक्षकों की सेवाओं तथा विद्यालय में उपलब्ध संसाधनों के बेहतर उपयोग पर चर्चा की गई। निर्वाचन, जनगणना एवं बीएलओ कार्य में शिक्षकों की ड्यूटी लगने की स्थिति में अतिरिक्त समय में पाठ्यक्रम पूर्ण कराने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में बाटोदा, तलवाड़ा, साहूनगर, शिवाड़, तारनपुर एवं बिछीदौना सहित शत-प्रतिशत परिणाम वाले विद्यालयों के संस्था प्रधानों एवं शिक्षकों ने परिणाम सुधार के प्रभावी प्रयास साझा किए। उन्होंने विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति, साप्ताहिक टेस्ट, गृहकार्य की नियमित जांच, पुराने बोर्ड प्रश्नपत्रों का अभ्यास, नोट्स उपलब्ध करवाने एवं अतिरिक्त शैक्षणिक सहयोग को परिणाम सुधार के प्रमुख कारण बताया।
राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय रसूलपुरा की अध्यापिका किरण महावर के मार्गदर्शन में कक्षा 5 के सभी 20 विद्यार्थियों द्वारा गणित में ए ग्रेड प्राप्त करने पर जिला शिक्षा अधिकारी दिनेश कुमार गुप्ता ने उनका माला एवं साफा पहनाकर अभिनंदन किया। किरण महावर ने विद्यार्थियों की सफलता का श्रेय अपने पूर्व शिक्षक रामरस मीणा को दिया। रामरस मीणा को भी सम्मानित किया गया।
जिला शिक्षा अधिकारी ने सत्र 2026-27 के लिए कार्ययोजना बताते हुए कहा कि परीक्षा परिणाम उन्नयन के लिए प्रत्येक दो माह में जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी। कोर टीम के माध्यम से प्रगति की निगरानी की जाएगी। विद्यार्थियों को गत वर्ष के बोर्ड प्रश्नपत्र घर पर हल करवाने तथा प्रत्येक रविवार को विद्यालय में अभ्यास कराने के निर्देश दिए गए।
इसके साथ ही तीन दिन अनुपस्थित रहने वाले विद्यार्थियों के अभिभावकों को सूचना देने तथा विद्यालय स्तर पर प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि परीक्षा परिणाम में गुणवत्तापूर्ण सुधार के लिए सभी संस्था प्रधान एवं शिक्षक सामूहिक जिम्मेदारी के साथ निरंतर प्रयास करें।
बैठक में अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी अजय कुमार शर्मा, मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी चौथ का बरवाड़ा नीरज भास्कर, मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी खंडार रमेश चंद मीणा, प्रधानाचार्य कल्पना शर्मा सहित संबंधित संस्था प्रधान एवं विषय विशेषज्ञ शिक्षक उपस्थित रहे।