तस्वीर में बाईं ओर से प्रधानाचार्य सुनीता वर्मा, एक छात्रा, वन क्षेत्राधिकारी शैलेश अग्रवाल और उप वन संरक्षक सुनील कुमार सवाई माधोपुर के विद्यालय में कार्यक्रम के दौरान नजर आ रहे हैं.

सवाई माधोपुर, 16 सितम्बर। वन विभाग की ओर से विद्यार्थियों में पर्यावरण और ओजोन परत संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से बुधवार को राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, कुतलपुरा जाटान में विश्व ओजोन दिवस मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को ओजोन परत के महत्व, उसके संरक्षण और पर्यावरण संतुलन में वनों की भूमिका की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप वन संरक्षक सुनील कुमार ने विद्यार्थियों को ओजोन परत के महत्व और उसके संरक्षण के बारे में बताया। उन्होंने विद्यार्थियों से ऊर्जा संरक्षण, वृक्षारोपण और पर्यावरण-अनुकूल जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया।

वर्ष 2026 की थीम “Global Action for a Cooler Planet” के अनुरूप विद्यार्थियों को ओजोन परत के महत्व, इसके क्षरण के कारणों तथा मानव स्वास्थ्य, वन्यजीव और पर्यावरण पर इसके प्रभावों की जानकारी दी गई। इस अवसर पर ओजोन संरक्षण विषयक प्रश्नोत्तरी और जागरूकता गतिविधियां भी आयोजित की गईं, जिनमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

उप वन संरक्षक सुनील कुमार ने कहा कि ओजोन परत पृथ्वी पर जीवन को सूर्य की हानिकारक पराबैंगनी किरणों से बचाने वाला महत्वपूर्ण प्राकृतिक सुरक्षा कवच है। उन्होंने कहा कि वनों और वृक्षों का संरक्षण जलवायु संतुलन, कार्बन अवशोषण और पर्यावरणीय सुरक्षा के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।

विद्यालय की प्रधानाचार्य सुनीता वर्मा ने वन विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम की सराहना की। उन्होंने विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक और सक्रिय रहने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान विद्यार्थियों और विद्यालय स्टाफ ने ओजोन परत की रक्षा, पर्यावरण संरक्षण तथा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में वन क्षेत्राधिकारी शैलेश अग्रवाल, विद्यालय की प्रधानाचार्य सुनीता वर्मा सहित विद्यालय स्टाफ और विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Tags: